'पीएम मोदी की इच्छाशक्ति और सेना की क्षमता से सफल हुआ 'ऑपरेशन सिंदूर', अमित शाह
Amit Shah On Operation Sindoor: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को 'ऑपरेशन सिंदूर' की सराहना करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति बताई। गृह मंत्री ने इस ऑपरेशन को देश की खुफिया एजेंसियों की सटीक जानकारी, और भारतीय सशस्त्र बलों की अद्भुत युद्ध क्षमता का सशक्त उदाहरण बताया।
अमित शाह ने दिल्ली में सीमा सुरक्षा बल (BSF) के रुस्तमजी मेमोरियल लेक्चर के दौरान के सेना का मनोबल बढ़ाया। गृह मंत्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर एक ऐसा उदाहरण है जहां प्रधानमंत्री की मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, हमारी खुफिया एजेंसियों की सटीक जानकारी और सेना की युद्धक क्षमता एकसाथ आईं।

अमित शाह ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का फॉर्मूला बताते हुए कहा कि जब इच्छाशक्ति + इंटेलिजेंस + सैन्य शक्तिजब ये तीनों ताकतें मिलती हैं, तो ऑपरेशन सिंदूर जैसी कार्रवाई को सफल बनाया गया।
उन्होंने बताया कि भारत दशकों से पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद का शिकार रहा है। "पाकिस्तान ने कई बार बड़े आतंकी हमलों को अंजाम दिया, लेकिन पहले की सरकारें उचित जवाब नहीं दे पाईं। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का सिलसिला शुरू हुआ।"
Amit Shah: उरी से शुरू हुआ जवाबी हमलों का सिलसिला
गृह मंत्री ने उरी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि जब हमारे जवानों को जिंदा जला दिया गया, तो पहली बार भारत ने सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए आतंकी ठिकानों के अंदर घुसकर करारा जवाब दिया।
उन्होंने कहा कि हमने आतंकियों को मारा, लेकिन पाकिस्तान ने इसे खुद पर हमला समझा। जब पाकिस्तान की सेना ने हमारे नागरिक क्षेत्रों और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, तब भारतीय सेना ने उनके एयरबेस पर जबर्दस्त हमला किया और अपनी मारक क्षमता का प्रदर्शन किया।
शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया के सामने यह उजागर कर दिया कि भारत में हो रहे आतंकी हमले पाकिस्तान प्रायोजित हैं। जब हमने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक की, तो पाकिस्तान सेना ने जवाबी कार्रवाई की। वहां के सैन्य अधिकारी मारे गए आतंकियों के जनाज़े में शामिल हुए - इससे स्पष्ट हो गया कि पाकिस्तान आतंकवाद को संरक्षण देता है।
Amit Shah ने BSF की भूमिका की सराहना
गृह मंत्री ने सीमा सुरक्षा बल (BSF) की भूमिका की भी भरपूर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि जब पाकिस्तान की तरफ से गोलाबारी हुई, तब बीएसएफ के जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया और सीमा से एक कदम भी पीछे नहीं हटे।
"सारा देश सशस्त्र बलों और बीएसएफ पर गर्व करता है। जब तनाव चरम पर था, तब भी बीएसएफ ने सीमा पर डटकर मोर्चा संभाला। जब पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी हुई, बीएसएफ ने पूरी ताकत से उसका मुकाबला किया।"
Amit Shah ने कहा, स्वदेशी हथियारों की शक्ति सबने देखी
शाह ने इस दौरान स्वदेशी रक्षा उपकरणों की सफलता की भी चर्चा की और कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान स्वदेशी हथियारों की सटीकता और ताकत देखने को मिली। उन्होंने कहा कि "हमने देखा कि कैसे स्वदेशी हथियार सटीक और प्रभावी साबित हुए। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम आत्मनिर्भरता की ओर मजबूती से बढ़ रहे हैं।"
गृह मंत्री ने बताया कि भारत की दो सबसे संवेदनशील सीमाओं - पाकिस्तान और बांग्लादेश - की सुरक्षा की जिम्मेदारी बीएसएफ को दी गई है। उन्होंने कहा कि बीएसएफ ने दोनों सीमाओं को प्रभावी ढंग से सुरक्षित किया है, जो उनकी क्षमता का प्रमाण है।
बता दें कि ऑपरेशन सिंदूर को 7 मई 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था। भारत ने इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान-अधिकृत जम्मू-कश्मीर (PoJK) में स्थित आतंकी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर सटीक हमले किए।
इस कार्रवाई में भारत की सशस्त्र सेनाओं ने आतंकवादी योजनाओं को अंजाम देने वाले कई ठिकानों को ध्वस्त किया और पाकिस्तान की आतंकी रणनीति को करारा जवाब दिया। गृह मंत्री अमित शाह का यह बयान भारत की आतंकवाद के खिलाफ नीति, राजनीतिक नेतृत्व की दृढ़ता, सेना की ताकत और स्वदेशी सैन्य उपकरणों पर विश्वास को दर्शाता है। ऑपरेशन सिंदूर भारत के आत्मविश्वास, रणनीतिक सोच और सैन्य शक्ति का प्रतीक बनकर उभरा है।












Click it and Unblock the Notifications