बढ़ते प्रदूषण के बीच दिल्ली में GRAP 3 के नियम लागू, मंत्री गोपाल राय ने बताया किन-किन चीजों पर रहेगा प्रतिबंध
Delhi Air Pollution: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए ग्रेप 3 के तहत नियम लागू कर दिए गए हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने शुक्रवार को कहा कि प्रदूषण को कंट्रोल करने के उद्देश्य से 106 बसें शटल सेवा के रूप में चलाने का फैसला लिया गया है। इसके साथ ही मेट्रो ट्रेनें 60 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। GRAP 3 के नियमों के तहत बिल्डिंग कंसट्रक्शन, विध्वंस गतिविधियों पर पाबंदी लगा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण का स्तर काफ़ी ज़्यादा हो गया है। हालांकि, आज स्तर कुछ कम हुआ है और आगे भी ऐसी ही संभावना है। दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू हो गया है और इसके नियमों को पालन कराने के लिए कई ज़िम्मेदार एजेंसियों के अधिकारियों के साथ इसमें बैठक हुई। इस दौरान तय हुआ है कि DTC की 106 शटल बस दिल्ली में सेवाएं देंगी, जोकि 1844 फेरे लगायेंगी। इसमें 40 शटल बसें सरकारी कर्मचारियों के लिए लगाई गई हैं।

दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण लेवल को देखते हुए CAQM यानि कि गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने GRAP-3 के तहत नियमों को लागू किए हैं। राजधानी की हवा लगातार जहरीली होती जा रही है। एक्यूआई लगातार गंभीर श्रेणी में बनी हुई है। आज Air Quality गंभीर श्रेणी में बनी हुई थी। मंत्री गोपाल राय ने बताया कि ई-बसों और सीएनजी वाहनों को छोड़कर अंतरराज्यीय बसों पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। बीएस-III पेट्रोल और बीएस-IV डीजल चार पहिया वाहनों पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
गोपाल राय ने दिल्ली में काम करने वाले लोगों से घर से ही काम करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि अगर संभव हो तो सार्वजनिक यात्रा से दूरी बनाएं और छोटी दूरी के लिए साईकिल का उपयोग करें।
बता दें कि आज पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली में बढ़ते स्तर के मद्देनजर एक अहम बैठक बुलाई थी। उन्होंने अपने एक्स पर पोस्ट भी साझा किया है। उन्होंने कहा- दिल्ली में बढ़ रहे प्रदूषण को देखते हुए आज से दिल्ली सरकार ने GRAP-3 लागु कर दिया है, इसके बेहतर कार्यान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। दिल्ली में हो रहे निर्माण एवं विध्वंस कार्यों पर रोक लगाई गई एवं BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल के वाहनों पर रोक लगाई गई है साथ ही पूरी दिल्ली में सघन तरीके से पानी के छिड़काव करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications