दिल्ली में प्रदूषण के चलते 10 नवंबर तक बंद रहेंगे स्कूल
दिल्ली में जिस तरह से प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है उसको देखते हुए प्रदेश के स्कूलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रदेश की शिक्षा मंत्री आतिशी मार्लेना ने ट्वीट करके स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद रहने की जानकारी दी है।
आतिशी मार्लेना ने कहा कि प्रदूषण का स्तर अभी भी काफी अधिक है, ऐसे में दिल्ली में स्थित प्राइमरी स्कूल 10 नवंबर तक पबंद रहेंगे। इसके साथ ही कक्षा 6-12 तक के स्कूलों को ऑनलाइन माध्यम से स्कूल को चलाने का विकल्प दिया गया है। बता दें कि इससे पहले 3-4 नवंबर को स्कूल बंद करने का निर्देश दिया गया था,लेकिन प्रदूषण के स्तर को देखते हुए इसे 10 नवंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है।

बता दें कि दिल्ली के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर काफी गंभीर की श्रेणी में है। रविवार की सुबह पूरे शहर में धुंध छाया रहा, जिसकी वजह से लोगों को सड़क पर देखने तक में दिक्कत हो रही। लगातार चौथे दिन प्रदूषण का स्तर बरकरार है और एक्यूआई गंभीर की श्रेणी में बना हुआ है।
आरके पुरम इलाके में एक्यूआई 489 तक पहुंच गया है। शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में प्रदूषण थोड़ा कम हुआ था लेकिन आज एक बार फिर से यह बढ़ा हुआ है। दिल्ली के आया नगर में एक्यूआई 467। द्वारका में हालात और भी बदतर हैं, यहां भी एक्यूआई 490 है। नोएडा सेक्टर 62 में एक्यूआई 483 दर्ज किया गया है, सेक्टर 1 में एक्यूआई 410 दर्ज किया गया है।
सरकार की ओर से प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। देश की राजधानी में सांस लेना खतरनाक साबित हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications