दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्रा पर एसिड अटैक, झुलसे हाथ, लक्ष्मी बाई कॉलेज के सामने लड़कों ने फेका था तेजाब
Acid attack on Delhi University student: दिल्ली में एक 20 वर्षीय युवती पर तेजाब से हमला किया गया है। यह घटना तब हुई जब छात्रा लक्ष्मी बाई कॉलेज जा रही थी। आरोप है कि दो अन्य साथियों के साथ एक लड़के ने युवती का पीछा किया और उस पर तेजाब फेक दिया।
तेजाब हमले में युवती के दोनों हाथ झुलस गए हैं, गंभीर हालत में उसे दिल्ली के दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए छापेमारी शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस ने बताया, "26 अक्टूबर 2025 को दीप चंद बंधु अस्पताल से एक कॉल प्राप्त हुई, जिसमें मुकुंदपुर, दिल्ली निवासी एक 20 वर्षीय महिला के तेजाब से जलने की सूचना दी गई।"

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह दूसरे वर्ष की (गैर-कॉलेज) छात्रा है और लक्ष्मी बाई कॉलेज, अशोक विहार में अपनी क्लास के लिए गई थी। जब वह कॉलेज की ओर जा रही थी, तब मुकुंदपुर निवासी उसके परिचित जितेंद्र अपने साथियों ईशान और अरमान के साथ एक मोटरसाइकिल पर आए।
पुलिस के अनुसार, "ईशान ने कथित तौर पर अरमान को एक बोतल दी, जिसने उस पर तेजाब फेंका। पीड़िता ने अपना चेहरा बचाने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों हाथों पर चोटें आईं।"
आरोपियों ने हमला करने के बाद घटनास्थल से भाग निकले। पीड़िता ने यह भी बताया कि जितेंद्र उसे परेशान करता था और लगभग एक महीने पहले उनके बीच तीखी बहस हुई थी। क्राइम टीम और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है।
पुलिस ने कहा, "पीड़िता के बयान और चोटों की प्रकृति के आधार पर, बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।"












Click it and Unblock the Notifications