AAP सरकार ने नाइट सिक्योरिटी गार्ड्स को इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने का अभियान किया शुरू
New Delhi: दिल्ली में वायु प्रदूषण कम करने को लेकर दिल्ली सरकार लगातार अभियान चला रही है। आज इसी कड़ी में पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने नाइट सिक्योरिटी गार्ड्स को इलेक्ट्रिक हीटर वितरित करने का अभियान शुरू किया है। मंगलवार को दिल्ली सचिवालय में विंटर एक्शन प्लान के तहत सुरक्षा गार्डों के बीच हीटर वितरित किया।
गोपाल राय ने कहा, राजधानी के सभी सरकारी विभाग को आदेश दिया गया है कि वे भी अपने-अपने यहां नाइट शिफ्ट में काम करने वाले गार्ड/कर्मचारियों को हीटर उपलब्ध करवाएं। सरकार द्वारा उठाए गए कदम से दिल्ली में प्रदूषण को कम करने के लिए जितने भी अभियान चलाए गए हैं, उसका परिणाम दिख रहा है। सर्दियों के मौसम में होने वाले प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए 25 सितंबर को 21 सूत्रीय विंटर एक्शन प्लान की घोषणा की थी। इसके बाद से सभी विभागों पूरी ताकत के साथ इसे जमीनी स्तर पर लागू करने की तैयारी कर रहे है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की ओर से प्रदूषण को कम करने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं, जिसमें एंटी डस्ट अभियान, बायो डी कंपोजर का छिड़काव, वृक्षारोपण अभियान, जागरूकता अभियान आदि शामिल हैं। दिल्ली में सड़कों पर 200 मोबाइल एंटी स्मॉग गन से पानी के छिड़काव का अभियान शुरू किया गया है। सर्द में खुले में आग जलाने से भी प्रदूषण बढ़ता है, इसलिए सरकार द्वारा 6 नवंबर से एक महीने के लिए दिल्ली में एंटी ओपन बर्निंग अभियान शुरू किया गया है। टीम 24 घंटे दिल्ली में ओपन बर्निंग की घटनाओं की निगरानी और उसे रोकने का काम करेगी।
मंत्री गोपाल राय ने अपने निजी एक्स अकाउंट पर भी एक पोस्ट साझा किया है। उन्होंने लिखा- दिल्ली सरकार के Anti Open Fire कैंपेन के तहत नाइट ड्यूटी कर रहे कर्मचारियों को रात की ठंड से बचने के लिए आग ना जलायें इसलिए RWA और दिल्ली सरकार के सभी विभाग भी अपने कर्मचारियों के लिए हीटर उपलब्घ करवाएंगे। इस अभियान की शुरुआत आज दिल्ली सचिवालय में नाइट ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को हीटर वितरण करके की।












Click it and Unblock the Notifications