फिल्म नायक के अनिल कपूर बने AAP पार्षद, नाले में कूदकर की सफाई फिर लोगों ने दूध से नहलाया
नई दिल्ली, मार्च 22। पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पहली बार सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी ने अब दिल्ली में इसी साल होने वाले एमसीडी चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली एमसीडी चुनाव को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच अभी से सियासी जंग शुरू हो गयी है। वार-पलटवार के बीच मंगलवार को इस सियासत का एक नया रंग रूप देखने को मिला। दरअसल, पूर्वी दिल्ली के AAP पार्षद हसीब उल हसन ने शास्त्री पार्क में सीवेज के ओवरफ्लो होने वाले नाले में छलांग लगा दी और उसकी साफ-सफाई करने लगे। इसके बाद लोगों ने हसीब उल हसन को दूध से नहलाया।
Recommended Video

लोग बताने लगे, फिल्म नायक का अनिल कपूर
हसीब उल हसन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। वीडियो में पब्लिक पार्षद को दूध से नहला रही है। हसीब उल हसन का यह वीडियो देख लोग उन्हें फिल्म नायक का अनिल कपूर बता रहे हैं। उस फिल्म में भी अनिल कपूर जब कीचड़ में गिर जाते हैं तो लोग उन्हें दूध से नहलाते हैं।

पार्षद के समर्थन में जमकर हुई नारेबाजी
आपको बता दें कि वायरल वीडियो में लोग दूध से हासिब अल हसन को नहला रहे हैं और जोर-जोर से नारेबाजी भी कर रहे हैं। लोगों ने हासिब अल हसन के लिए जिंदाबाद रहे जैसे नारे लगाए। उन्होंने मग्गे और बाल्टी में दूध भरकर हासिब अल हसन को नहलाया। इस दौरान हासिब अल हसन के चारों ओर लोगों का जमावड़ा दिखा। वहीं इस दौरान AAP कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

बीजेपी पर साधा निशाना
इस दौरान आप पार्षद ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नाला कितने समय से ओवरफ्लो हो रहा है, लेकिन अधिकारी इसकी सुनवाई नहीं करते। अधिकारियों से बार-बार शिकायत करने पर भाजपा पार्षद और स्थानीय विधायक ने मदद नहीं की। इसलिए उन्होंने आज नाले खुद कूदकर इसे साफ करने का सोचा। स्थानीय विधायक अनिल कुमार बाजपेयी हैं, जो भाजपा के सदस्य हैं।












Click it and Unblock the Notifications