आप का आरोप, ईडी ने अमानतुल्लाह खान को किया गिरफ्तार, विधायक बोले- पूछताछ के लिए बुलाया
आम आदमी पार्टी के नेताओं के गिरफ्तार होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले महीने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने गिरफ्तार किया था।
अब पार्टी के नेता अमानतुल्लाह खान को ईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। आम आदमी पार्टी की ओर से दावा किया गया है कि अमानतुल्लाह खान को दिल्ली वक्फ बोर्ड में अनियमितता से जुड़े मामले में ईडी ने हिरासत में लिया है।

हालांकि अमानतुल्लाह ने इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। उन्होंने कहा मुझे पूछताछ के लिए बुलाया गया था, सुप्रीम कोर्ट ने मुझे पेश होने के लिए कहा था, इसलिए मैं सुबह 11 बजे यहां आया था। पूछताछ हुई है, मेरा बयान दर्ज हुआ है, अब मैं जा रहा हूं। आगे जो दस्तावेज वगैरह देने हैं, वो दूंगा।
वहीं आप नेता गोपाल राय ने कहा कि आप के विधायकों और मंत्रियों को लगातार गिरफ्तार किया जा रहा है। ईडी को इसका हथियार बनाया जा रहा है। मैं पहले भी कहता था कि भाजपा ही ईडी है, ईडी ही भाजपा है।
आज ईडी को पूरा देश देख रहा है, किस तरह से देश में आचार संहिता लागू है इसके बावजूद एक-एक चुने हुए प्रतिनिधियों को प्रचार से रोकने के लिए गिरफ्तार किया जा रहा है।
यह इस बात को दर्शाता है कि भाजपा की जुबां पर 400 के पार का नारा है, लेकिन साफ दिख रहा है कि 400 पार नहीं भाजपा जिस तरह की तानाशाही कर रही है, वह पूरे देश में हार रही है। इस हार की बौखलाहट में पार्टियों को तोड़ना, नेताओं को गिरफ्तार करना, देश पर तानाशाही को थोपने का पूरा देश वोट के माध्यम से जवाब देगी।
गोपाल राय ने कहा कि आज तक किसी भी रिपोर्ट में मनी लॉन्ड्रिंग की बात नहीं कही गई है। ये केस भी पुराने केस की तरह फर्जी है। आज अचानक ईडी ने अचानक से अमानतुल्लाह को गिरफ्तार कर लिया। इनका टार्गेट चुने हुए प्रतिनिधियों को जेल के अंदर डालो, प्रचार से इन्हें रोको और सारे विपक्ष को ठप करके चुनाव जीतने की रणनीति बनाओ, लेकिन देश की जनता इसे देख रही है।












Click it and Unblock the Notifications