68 साल का गुरदीप सिंह नाम बदल कर बना 89 साल का करनैल सिंह, वजह आई सामने
दिल्ली। अमेरिका जाने के लिए 32 साल का एक गुजराती शख्स 81 साल का बुड्ढा बन गया था। हालांकि चेकिंग के दौरान उसकी पोल खुल गई और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। एक बार फिर ऐसा ही मामला दिल्ली एयरपोर्ट पर सामने आया है। यहां 68 साल के व्यक्ति को जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की मानें तो गुरदीप सिंह नाम के इस व्यक्ति को 89 वर्षीय करनैल सिंह के नाम से फर्जी पासपोर्ट रखने के लिए गिरफ्तार किया गया है।

देखने में लगा रहा था जवान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरदीप सिंह पंजाब के मोगा का रहने वाला है। 12 सितंबर को वह हांगकांग से भारत पहुंचा था। पुलिस के मुताबिक आईजीआई एयरपोर्ट पर जब इमीग्रेशन वालों ने उसकी जांच की तो उसने अपना नाम करनैल सिंह बताया। साथ ही यह भी बताया कि वह मोगा का रहने वाला है। उसके पासपोर्ट में डेट ऑफ बर्थ 1930 पाई गई, लेकिन वह देखने में जवान लग रहा था।

1995 में गया था हांगकांग
पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह 1951 में पैदा हुआ था। उसका असली नाम गुरदीप सिंह है और उसकी उम्र 67 साल है। वह पहली बार अपने असली पासपोर्ट पर वर्ष 1995 में हांगकांग गया था। जिसके बाद वह वहां लगातार आता जाता रहा। लेकिन उसको अपने असली कागजात के जरिये वहां की नागरिकता नहीं मिल पाई। फिर वह वर्ष 2006 में पंजाब के एक एजेंट से संपर्क किया।

फर्जी कागजों पर ली हांगकांग की नागरिकता
एजेंट ने करनैल सिंह के नाम से उसका पासपोर्ट बना दिया। जिसमें उसकी उम्र वर्तमान उम्र से 21 साल बढ़ा दिया गया था। वर्ष 2008 करनैल सिंह बना गुरदीप फर्जी दस्तावेज के साथ हांगकांग चला गया। जहां उसे फर्जी कागजात पर नागरिकता भी मिल गई। बता दें कि गुरदीप सिंह हांगकांग में मजदूरी करता था। पुलिस पूछताछ में बुजुर्ग ने अपना अपराध कबूल कर लिया।












Click it and Unblock the Notifications