Uttarakhand News: युवा महोत्सव से निखरेगी युवाओं की प्रतिभा, कैरियर कॉउंसलिंग में मिलेगी सही दिशा: रेखा आर्य
Uttarakhand News: प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में युवा महोत्सव और राष्ट्रीय युवा दिवस के संबंध में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव का कल से शुभारंभ होने जा रहा है। जो 9 जनवरी तक चलेगा। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री धामी करेंगे। इस युवा महोत्सव में नव युवक और महिला मंगल द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां प्रस्तुत की जाएंगी। वहीं उन्होंने कहा कि 12 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव राष्ट्रीय स्तर पर टैलेंटेड युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के लिए प्रोत्साहित करता है।
युवा महोत्सव में प्रतिस्पर्धी एवं गैर प्रतिस्पर्धी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रतिस्पर्धी कार्यक्रमों के अन्तर्गत राज्य के सभी जनपदों एवं पोर्टल के माध्यम से सीधे एन्ट्री करने वाले दलों के बीच सामूहिक लोकनृत्य, सामूहिक लोकगीत, एकल लोकनृत्य, एकल लोकगीत, शास्त्रीय नृत्य, शास्त्रीय गायन आदि से सम्बन्धित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भारत सरकार द्वारा युवा महोत्सव हेतु राज्य को इस वर्ष यूथ एज जॉब क्रिएटर की थीम दी गई है। युवा महोत्सव में विभिन्न विभागों के माध्यम से स्टॉल्स भी लगाये जाएंगे। जिनमें युवा समूहों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा हैंडिक्राफ्ट, टेक्सटाइल एवं एग्रोप्रोडक्ट से सम्बन्धित स्टॉल सम्मिलित रहेंगे। इसके साथ ही युवा महोत्सव में कैरियर काउन्सलिंग, रोजगार मेला, राज्य के उद्योगों की जरूरत से सम्बन्धित स्किल गैप एनालिसिस आदि पर भी कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आर्य ने बताया कि भारत सरकार के द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव को युवाओं के लिए और अधिक प्रासंगिक बनाये जाने के उद्देश्य से माह अप्रैल 2023 में इम्फाल, मणिपुर में चिंतन शिविर का आयोजन किया गया था। जिसमें समस्त राज्यों के खेल एवं युवा कार्यकम विभाग के मंत्रियों, तथा सचिवों द्वारा प्रतिभाग किया गया था। उक्त चिंतन शिविर में कई सत्र आयोजित किए गए।
उत्तराखंड राज्य को दी गई थीम के अन्तर्गत युवा समूहों के द्वारा विभिन्न स्वरोजगार सम्बन्धी हैन्डीकाफ्ट, टैक्सटाइल एवं ऐग्रोप्रोडक्ट के स्टॉल, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के स्टॉल, पेंटिंग तथा कलात्मक मोमबत्ती उत्पादन, बांस की वस्तुयें, लकड़ी के उत्पाद, बैग एवं कोट, अचार, जूस, जैम, जैली आदि के स्टॉल प्रदर्शित किए जाएंगे तथा जिनमें प्रदर्शित वस्तुएं जन-सामान्य के क्रय हेतु उपलब्ध होंगी।
राज्य युवा महोत्सव में चयनित प्रतिभागियों तथा ओपन एन्ट्री के माध्यम से प्रतिभागियों के मध्य 13 विधाओं यथा सामूहिक लोकगीत, सामूहिक लोकनृत्य, एकल लोकगीत, एकल लोकनृत्य, एकांकी, शास्त्रीय वादन, शास्त्रीय गायन, शास्त्रीय नृत्य, पोस्टर पेंटिंग, कहानी लेखन, फोटोग्राफी, भाषण एवं योगाभ्यास की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विजेता प्रतिभागियों को राष्ट्रीय युवा महोत्सव नासिक महाराष्ट्र में शामिल किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications