Chhindwara: प्राकृतिक खेती से किसान ने लाखों कमाए, कलेक्टर खेत में पहुंचे तो नुस्खे बताए
छिंदवाड़ा में कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह ने अधिकारियों के साथ विकासखंड हर्रई के ग्राम भुमका के प्राकृतिक खेती करने वाले कृषक पूरनलाल इनवाती के खेत मे पहुंचकर समन्वित कृषि प्रणाली अपनाते हुए प्राकृतिक पध्दति से एक एकड़ में की जा रही केले की खेती, शेष जमीन मे मक्का, टमाटर, बैंगन एवं फलदार पौधे आम, कटहल, आंवला, सेव, एप्पल बेर, ड्रेगन फ्रूट्स, नींबू, संतरा, काजू के पौधे का अवलोकन किया।
कृषक द्वारा पशुपालन, बकरी पालन एवं मछली पालन इकाई स्थापित कर की जा रही समन्वित खेती का भी अवलोकन किया गया। साथ ही कलेक्टर सिंह द्वारा एक पेड मां के नाम अभियान के अंतर्गत लौंग के पौधे का रोपण किया गया एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित खेत तालाब में मछली पालन के लिये आत्मा परियोजना के माध्यम से मछली का बीज कलेक्टर सिंह के हस्ते तालाब में छोडा गया एवं मुर्गीपालन (कड़कनाथ) यूनिट का अवलोकन किया गया।

कलेक्टर सिंह ने कृषक श्री पूरनलाल इनवाती द्वारा की जा रही समन्वित खेती को अन्य किसानों को दिखाकर हर्रई क्षेत्र में एक उत्कृष्ट मॉडल के रूप में बताते हुए क्षेत्र के अधिक से अधिक किसानों का क्लस्टर बनाते हुए समन्वित खेती करने के लिये प्रोत्साहित करने की बात कही एवं संबंधित विभागों को किसानों की सभी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभागीय योजना से लाभ देने के लिये निर्देशित किया, जिससे क्षेत्र के अन्य किसान भी समन्वित खेती अपनाकर अच्छा लाभ अर्जित कर सकें। उन्होंने उपस्थित क्षेत्र के किसानों से चर्चा कर उन्हें भी समन्वित खेती कर अपनी आय बढाने के लिये समझाईश दी।
कृषक पूरनलाल इनवाती द्वारा ड्रिप पध्दति एवं फसल अवशेष प्रबंधन कर पूर्णतः प्राकृतिक रूप से केले की टिश्यू कल्चर के द्वारा तैयार किस्म जी-9 लगाई गई हैं। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन करके मिट्टी की गुणवत्ता को सुधारा जा रहा है। कृषक द्वारा पिछले वर्ष आधा एकड़ में केले की प्राकृतिक खेती कर 02 लाख 07 हजार रूपये का शुध्द मुनाफा प्राप्त किया गया था तथा इस वर्ष एक एकड से 04 से 05 लाख रूपये का शुध्द मुनाफा प्राप्त होना बताया । एक एकड में 800 पौधे लगाये हैं, प्रति पौधे से औसतन 45 कि.ग्रा. फल प्राप्त हो रहे हैं, जिसे किसान द्वारा जबलपुर मंडी में औसतन 25 रूपये प्रति किलो के भाव से विक्रय किया जा रहा है।
कृषक इनवाती द्वारा बताया गया कि हमारा प्राकृतिक केला जबलपुर मंडी में छिंदवाडा के केले के नाम से प्रसिध्द है एवं व्यापारियों/अढातियों द्वारा हाथों-हाथ उचित दाम देकर खरीद लिया जाता है। सामान्यतः जहां केले के भाव 15 से 18 रूपये प्रति किलो की दर से मंडी में खरीदी होती है, वही हमारा प्राकृतिक केला 25 रूपये प्रति किलो की दर से हाथों-हाथ बिक रहा है। इस प्रकार इनवाती द्वारा लगभग 6 एकड जमीन से वर्ष में लगभग 10 लाख रूपये का शुध्द लाभ प्राप्त किया जा रहा है। इससे प्रेरणा लेकर जिले के अन्य किसान भी प्राकृतिक खेती को अपनाकर एवं समन्वित खेती कर अपनी आय बढा सकते हैं।
ये भी पढ़े- MP Weather: मानसून बरपाएगा कहर, इन जिलों में शुरू होगा भारी बारिश का दौर












Click it and Unblock the Notifications