शहीद की रोती पत्नी को सांत्वना देते हुए रो पड़ीं DIG, कब्र में दफनाने से पहले लगे पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे
Chhindwara News: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आतंकवादियों से लड़ते हुए शहीद हुए CRPF जवान कबीर दास उइके का गुरुवार को पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे के बीच अंतिम संस्कार किया गया।
छिंदवाड़ा जिले के ग्राम पुलपुलडोह में सैकड़ों लोगों ने नम आंखों के साथ अपने योद्धा को अंतिम विदाई दी। जब उइके के पार्थिव शरीर को आदिवासी समुदाय के रीति-रिवाजों के अनुसार कब्र में दफनाया गया तो वहां मौजूद लोगों ने 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के नारे लगाए।

सीआरपीएफ के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया और 35 वर्षीय बहादुर का तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंप दिया। अंतिम संस्कार में शामिल ग्रामीणों के अनुसार, सीआरपीएफ की उप महानिरीक्षक नीतू सिंह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाईं और शहीद जवान की पत्नी को सांत्वना देते हुए रो पड़ीं। शोक व्यक्त करने वालों में सीआरपीएफ के महानिरीक्षक सुखबीर सिंह सोढ़ी भी शामिल थे।
इससे पहले, उइके का पार्थिव शरीर उनके गांव लाते समय सैकड़ों लोग सड़कों पर खड़े थे और रास्ते में पड़ने वाली इमारतों की छतों पर शहीद जवान के अंतिम दर्शन के लिए लोग उमड़ पड़े थे। उनमें से कई ने कबीर अमर रहे के नारे भी लगाए।
कबीर के परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्हें 16 जून को घर आना था और उनका भोपाल तबादला तय था। वह अवकाश के बाद 25 मई को ड्यूटी पर लौटे थे। कबीर की शादी 2020 में हुई थी।

मंगलवार देर रात पाकिस्तान की सीमा से लगे कठुआ जिले के सेडा सोहल गांव में आतंकियों के खिलाफ शुरू हुए 15 घंटे के अभियान के दौरान उइके के सीने और पैर के दाहिने हिस्से में गोली लगी थी। बुधवार को उनकी मृत्यु हो गई। अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान 2 आतंकवादियों को मार गिराया है।












Click it and Unblock the Notifications