बुरी खबर: नहीं रहे जुड़वां भाई शिवनाथ और शिवराम, संदिग्ध हालात में दोनों की मौत
शिवनाथ और शिवराम एक जिस्म दो जान थे और शक जताया जा रहा है कि दोनों ने आत्महत्या की है...
रायपुर, 1 नवंबर: अपने वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर स्टार बने छत्तीसगढ़ के जुड़वां भाइयों शिवनाथ और शिवराम की मौत हो गई है। बलौदाबाजार इलाके के रहने वाले ये दोनों भाई जन्म से ही शरीर से जुड़े थे और इन्हें एक जिस्म-दो जवान कहा जाता था। बताया जा रहा है कि दोनो भाइयों को शनिवार शाम बुखार आया था, जिसके बाद रविवार सुबह दोनों ने दम तोड़ दिया। हालांकि संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को आत्महत्या से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हाल ही में इन दोनों भाइयों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था, जिसमें शिवनाथ और शिवराम एक साथ स्कूटी चलाते हुए नजर आए थे।

इलाके में सदमे का माहौल
महज 20 साल की उम्र में दुनिया छोड़ने वाले शिवनाथ और शिवराम की मौत की खबर से इलाके में सदमे का माहौल है। दोनों भाइयों का वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, तो लोगों ने इनकी जिंदादिली की काफी तारीफ की थी। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई शिवनाथ और शिवराम की मौत से हर कोई हैरान है और पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।
Recommended Video

दोनों के दो सिर, चार हाथ और दो पैर थे
21 दिसंबर 2001 को बलौदाबाजार के गांव खैंदा में जन्मे शिवनाथ और शिवराम अपने जन्म से ही सीने के जरिए एक दूसरे से जुड़े हुए थे। दोनों भाइयों के दो सिर और चार हाथ थे, लेकिन पैर केवल दो ही थे। जन्म के दोनों को देखने के लिए कई विशेषज्ञ डॉक्टर भी उनके गांव पहुंचे थे, लेकिन इलाज नहीं हो पाया। कई तरह की परेशानियों के बावजूद दोनों भाई एक साथ खुश रहते थे और स्थानीय लोगों के बीच इनकी काफी चर्चा होती थी।

साथ जिए और साथ ही दुनिया को कहा अलविदा
शिवनाथ और शिवराम ने हाल ही में एक स्कूटर खरीदा था, जिसे उन्होंने अपनी सुविधा के हिसाब से मॉडीफाई कराया था। इस स्कूटर को लेकर जब दोनों भाई पेट्रोल डलवाने पंट्रोल पंप पहुंचे तो लोग इन्हें देखकर हैरान रह गए। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ और दोनों भाई देश ही नहीं विदेश में भी चर्चा का विषय बने। अगले महीने ही शिवनाथ और शिवराम का जन्मदिन था, लेकिन एक साथ दुनिया में आए दोनों भाइयों ने एक साथ ही इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

क्यों गहराया आत्महत्या का शक?
शिवनाथ और शिवराम के पिता ने बताया कि दोनों को शनिवार देर शाम तेज बुखार आया था, इसके बाद रविवार सुबह जब परिजन उनके कमरे में पहुंचे तो दोनों मृत मिले। दोनों की मौत के कारणों का अभी तक स्पष्ट तौर पर पता नहीं चल पाया है, लेकिन गांव में चर्चा है कि दोनों भाइयों ने जहर खाकर खुदकुशी की है। वहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने भी इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- महज 10 महीनों के भीतर दुनिया को अलविदा कह गए ये 17 बड़े सितारे











Click it and Unblock the Notifications