Sudhakar Top Naxal Leader: कितना खतरनाक था 1 करोड़ का इनामी टॉप नक्सली सुधाकर, जो एनकाउंटर में मारा गया
Naxal encounter News: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन को एक और अहम कामयाबी मिली है। बीजापुर जिले के नेशनल एरिया पार्क के घने जंगलों में गुरुवार को हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 1 करोड़ रुपए के इनामी नक्सली नेता को मार गिराया है। मारे गए नक्सली की शिनाख्त सीसी (सेंट्रल कमेटी) सदस्य नरसिम्हाचलम उर्फ गौतम उर्फ सुधाकर के रूप में हुई है। वह संगठन में शिक्षा विभाग का प्रभारी था और लंबे समय से वांछित था। सुधाकर मूल रूप से आंध्र प्रदेश के चिंतापलुडी इलाके का रहने वाला था।
IG बस्तर पी सुंदरराज ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि वरिष्ठ माओवादी कैडर, सेंट्रल कमेटी सदस्य (CCM) गौतम उर्फ सुधाकर को बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में मार गिराया गया है। तलाशी अभियान के दौरान एक AK-47 राइफल के साथ-साथ बड़ी मात्रा में अन्य विस्फोटक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किया गया।

बीजापुर के एसपी डॉ. जितेंद्र यादव ने भी मुठभेड़ की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों की टीम एंटी-नक्सल सर्चिंग ऑपरेशन के तहत जंगल में गश्त कर रही थी, तभी यह मुठभेड़ शुरू हुई। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए भारी गोलीबारी की, जिसमें यह टॉप कमांडर मारा गया। घटनास्थल से एक ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद हुआ है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इस मुठभेड़ में कुल कितने नक्सली मारे गए हैं।
लगातार ढेर हो रहे शीर्ष नक्सली, संगठन पर भारी दबाव
छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ महीनों से नक्सल रोधी अभियान ने तेज रफ्तार पकड़ी है और लगातार सफलताएं मिल रही हैं। इससे पहले 21 मई को नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में नक्सल संगठन के सबसे बड़े नेता नंबाला केशव उर्फ बसवा राजू को मार गिराया गया था। वह सेंट्रल कमेटी का जनरल सेक्रेटरी था और उस पर 1.5 करोड़ रुपये का इनाम था। विशेषज्ञों के अनुसार, बसवा राजू की मौत नक्सली संगठन के लिए एक करारा झटका था, और अब सुधाकर के मारे जाने से उनकी रणनीतिक और शैक्षणिक इकाइयों को भी बड़ा नुकसान पहुंचा है।
कैसे मारा गया सुधाकर?
बस्तर आईजी पी. सुंदरराज ने बताया कि "21 मई 2025 को अबूझमाड़ के जंगल में सीपीआई (माओवादी) नेता, सेंट्रल कमेटी पोलीब्यूरो सदस्य और सीपीआई (माओवादी) महासचिव बसव राजू का शव बरामद होने के बाद आज 5 जून को सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। आज 5 जून को बीजापुर राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में सीपीआई (माओवादी) के वरिष्ठ माओवादी कैडरों और पीएलजी कैडरों की मौजूदगी के बारे में इनपुट मिले थे। इसके आधार पर एसटीएफ, डीआरजी और कोबरा की संयुक्त टीम को ऑपरेशन के लिए भेजा गया था।
ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच कई बार गोलीबारी हुई। गोलीबारी के बाद तलाशी के दौरान एक माओवादी का शव और एके-47 हथियार और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और अन्य हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। प्रारंभिक तौर पर मारे गए माओवादी की पहचान सेंट्रल कमेटी सदस्य (सीसीएम) सुधाकर उर्फ गौतम के रूप में हुई है। वह इलुरु, आंध्र प्रदेश का मूल निवासी है।"












Click it and Unblock the Notifications