Republic Day: छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने किया ध्वजारोहण, जगदलपुर के लालबाग मैदान में ली परेड की सलामी
Chhattisgarh Republic Day: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग मैदान में 75वें गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दी।

सीएम विष्णुदेव साय ने प्रदेश की जनता के नाम संदेश का मूलपाठ करते हुए सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई और कोटि-कोटि शुभकामनाएं दी। उन्होंने देश के महान नेताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट काम करते हुए देश को इस गौरवशाली मुकाम पर पहुंचाने वाली सभी विभूतियों को नमन किया।
सीएम साय ने कहा कि पीएम नरेन्द्र मोदी की नीतियों, योजनाओं, कार्यक्रमों और अभियानों के कारण विगत लगभग एक दशक में देश ने सभी क्षेत्रों में बड़ी-बड़ी सफलताएं अर्जित की हैं, जिसके कारण एक ओर जहां प्रत्येक देशवासी का माथा गर्व से ऊंचा हुआ है, वहीं दूसरी ओर पूरी दुनिया ने भारत का लोहा माना है। अनेक क्षेत्रों में अब भारत, विश्व का नेतृत्व कर रहा है। हमारे गणतंत्र की गौरवगाथा से देश और प्रदेश के विकास को नए पंख मिले हैं। हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व और तत्कालीन माननीय प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य का दर्जा देकर, छत्तीसगढ़वासियों को विकास के पंख प्रदान किए थे। इस प्रकार 1 नवम्बर 2000 से छत्तीसगढ़ में विकास यात्रा शुरू हुई।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत 9 वर्षों में जिस प्रकार से देश की सेवा की है, उससे न सिर्फ भारत में बल्कि दुनिया में भी उनकी लोकप्रियता, न्यायप्रियता और नेतृत्व क्षमता स्थापित हुई है। उन्होंने जनकल्याण के साथ विश्व कल्याण की अपनी सोच से पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया है। आवासहीनों की पीड़ा को पहली प्राथमिकता देते हुए कहा गया था कि नई सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के वंचित हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराने का निर्णय लिया जाएगा। साय ने कहा कि हमने जो कहा था वह करके दिखाया। पहली कैबिनेट में यह निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लगभग 18 लाख हितग्राहियों को पक्के आवास बनाकर दिए जाएंगे। इस तरह से हम देश में हर बेघर के सिर पर छत देने के लक्ष्य को पूरा करने में भी अपना योगदान देंगे।
उन्होंने आपने भाषण में कहा कि कृषक जीवन ज्योति योजना, हमारी ही पूर्ववर्ती सरकार की देन थी, जिसने किसानों के जीवन में बहार लाई थी। निःशुल्क बिजली प्रदाय से उनकी सिंचाई सुविधा और उत्पादन क्षमता में बहुत बढ़ोतरी हुई थी। सरकार बनते ही हमने इस योजना की समीक्षा की और पाया कि किसानों को निःशुल्क बिजली देने की यह व्यवस्था बहुत कारगर साबित हुई है, जिसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 1 हजार 123 करोड़ रुपए अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। किसान भाइयों और बहनों, हमें इस बात का पूरा अहसास है कि आपको अपने जीवन में किन बड़ी-बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। आपकी मेहनत और त्याग अनमोल है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि कृषि तथा इससे संबंधित सभी क्षेत्रों पर हम लगातार ध्यान देंगे और समस्याओं का निराकरण करते जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications