राजनांदगांव सांसद के भाई विजय पांडेय ने छोड़ा भाजपा का साथ, कांग्रेस में हुए शामिल, जानिए इस्तीफे की वजह
राजनांदगांव, 18 सितम्बर। छत्तीसगढ़ में आने वाले साल में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में भाजपा अपने कार्यकर्ताओं को मिशन 2023 के लिए तैयार कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर पार्टी के कई नेता भाजपा की सदस्यता छोड़ कांग्रेस में शामिल हो रहें हैं। आज छत्तीसगढ़ भाजपा को बड़ा झटका लगा है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय के भाई विजय पांडे ने कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। विजय पांडेय ने वन मंत्री मोहम्मद अकबर उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

सांसद के चचेरे भाई हैं विजय पांडेय
कांन्ग्रेस की सदस्यता लेने वाले विजय पांडेय, सांसद संतोष पांडेय के चचेरे भाई हैं। बहुत दिनों से विजय पांडेय के कांन्ग्रेस प्रवेश के कयास लगाए जा रहे थे। लेकिन आज विजय पांडेय ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने कहा की मुझे मनाने के लिए भाजपा के बहुत से लोगों का फोन आ रहा है, लेकिन अब बहुत देर हो चुकी है, और अब मेरा निर्णय नही बदल सकता।
इस वजह से भाजपा नेता ने छोड़ी पार्टी
दरअसल पूर्व भाजपा नेता विजय पांडे ने कुछ दिनों पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर के दौरे पर उन्हें चाय नाश्ते के लिए आमंत्रित किया था। जिसके बाद भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अनिल सिंह के निर्देश पर महामंत्री क्रांति गुप्ता ने कुछ दिनो पहले ही सांसद के भाई विजय पांडेय को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस कारण बताओ नोटिस का जवाब विजय पांडेय ने भाजपा छोड़ कर दिया। जिस पर विजय पांडेय ने कहा कि अगर किसी जनप्रतिनिधी को चाय नाश्ता कराना गुनाह है तो वे जरुर गुनाहगार हैं।

मंत्री मोहम्मद अकबर ने दिलाई सदस्यता
राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे के चचेरे भाई विजय पांडे ने आज वन मंत्री मोहम्मद अकबर उपस्थिति में कांग्रेस की सदस्यता ली है। मंत्री मोहम्मद अकबर ने कांग्रेस का गमछा और माला पहनाकर कांग्रेस की सदस्यता दिलाई। विजय पांडेय ने कहा कि वे सीएम भूपेश बघेल के कार्यों से शुरू से ही प्रभावित रहें हैं। जिसके चलते आज उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली है।
भाजपा नेता के प्रवेश के बाद कांग्रेस ने कसा तंज
भाजपा नेता विजय पांडेय के कांग्रेस प्रवेश के बाद सांसद संतोष पांडे ने कहा कि विजय पांडे उनके चचेरे भाई हैं और उनका कारोबार अलग है विजय पांडे की कांग्रेस प्रवेश करने से पार्टी को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। सांसद ने मंत्री मोहम्मद अकबर पर तंज कसते हुए कहा की कवर्धा में यह सब नहीं चलने वाला है। इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने ट्विटर के माध्यम से भारतीय जनता पार्टी पर तंज कसते हुए कहा है कि पूर्व सीएम डॉ रमन सिंह टीवी पर चीता देखते रह गए, और इधर पार्टी छोड़कर सांसद के भाई विजय पांडेय कांग्रेस में शामिल हो गए। उनके गृह क्षेत्र कवर्धा में कई कार्यकर्ताओं ने भी आज कांग्रेस प्रवेश किया।
भाजपा ने 6 साल के लिए किया निष्कासित
विजय पांडेय के कांग्रेस प्रवेश करने के बाद जिले में सियासी चर्चाएं तेज हो गई। यह बात पार्टी के प्रभारी तक पहुंची और फिर प्रदेश संगठन के निर्देश पर पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते आज भारतीय जनता पार्टी ने विजय पांडेय को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।












Click it and Unblock the Notifications