रायगढ़ः एक बार फिर मिला हाथी का शव, 10 दिन में 6 हाथियों की हो चुकी है मौत
रायगढ़। छत्तीसगढ़ में हाथियों के मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला रायगढ़ जिले का है, जहां गुरुवार को वन विभाग ने एक हाथी का शव बरामद किया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पिछले 10 दिन में 6 हाथियों की मौत हो चुकी है। रायगढ़ जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि धरमजयग क्षेत्र में सुबह एक हाथी का शव बरामद किया गया। पिछले तीन दिन में इस क्षेत्र में हाथी का शव मिलने की यह दूसरी घटना है।

धरमजयगढ़ क्षेत्र की वन मंडलाधिकारी प्रियंका पांडेय ने बताया कि रायगढ़ से करीब 50 किलोमीटर दूर बेहरामार गांव में एक नर दंतैल हाथी का शव बरामद हुआ है. हाथी का शव एक किसान के घर के पीछे मिला है। प्रियंका पांडेय ने बताया कि सुबह ग्रामीण से सूचना मिलने पर वन विभाग का अमला घटनास्थल पर पहुंचा और हाथी का शव बरामद किया। अधिकारी ने बताया कि हाथी की मौत के कारणों के बारे में जानकारी नहीं मिली है। पोस्टमार्टम के बाद इस संबंध में सही जानकारी मिली सकेगी। मृत हाथी के दांत सुरक्षित हैं. विभाग मामले की जांच कर रहा है।
रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र के गिरीशा गांव में मंगलवार को वन विभाग ने एक हाथी का शव बरामद किया था। अधिकारियों के मुताबिक हाथी की मृत्यु करंट लगने के कारण हुई थी। इस मामले में बिजली विभाग के तीन कर्मियों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। छत्तीसगढ़ में पिछले 10 दिन में छह हाथियों की मौत हो गई है। बता दें कि राज्य के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में नौ और 10 जून को वन विभाग ने दो हाथियों का तथा 11 जून को बलरामपुर जिले में एक हाथी का शव बरामद किया था।












Click it and Unblock the Notifications