Koriya: आजादी के बाद पहली बार हुआ बैकुंठपुर पैलेस का घेराव, पूर्व मंत्री और भाजपा नेताओं ने किया घेराव
कोरिया जिले में स्थित बैकुंठपुर पैलेस का भाजपा नेताओं ने घेराव किया। पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े द्वारा दिए गए बयान का वीडियो एडिट कर वायरल करने पर यह विवाद शुरू हुआ।

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में पूर्व मंत्री भैयालाल रजवाड़े के विवादास्पद वीडियो के बाद भाजपा और कांग्रेस के नेता आमने सामने आ गए हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक के पैलेस का घेराव किया। कोरिया के इतिहास में आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ कि बैकुंठपुर में पैलेस का किसी राजनीतिक दल ने घेराव किया। लेकिन विधायक अम्बिका सिंहदेव के निवास तक पहुंचने से पहले ही पुलिस बल तैनात कर बैरिकेड्स लगाए गए थे।

पुलिस ने बैरिकेट्स लगाकर रोका
इस दौरान स्थानीय विधायक व समर्थकों द्वारा पूर्व मंत्री भैयालाल रजवाड़े के खिलाफ विवादास्पद बयान और विधायक अम्बिका सिंहदेव के खिलाफ अमर्यादित भाषा वाले फर्जी वीडियो वायरल करने पर आक्रोशित भाजपाइयों द्वारा नगर पालिका प्रांगण में सभा आयोजित किया गया। जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णबिहारी जायसवाल के नेतृत्व में रैली के रूप में विधायक निवास घेराव करने निकले थे। लेकिन पैलेस के 500 मीटर पहले ही प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बेरिकेट्स लगाकर रोक दिया था।
भाजपा नेताओं ने अम्बिका सिंहदेव पर लगाये आरोप
भाजपा पदाधिकारी-कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रांगण में आयोजित आमसभा के माध्यम से कांग्रेस सरकार पर धर्मांतरण का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि बैकुंठपुर विधायक अपने समर्थकों के साथ मिलकर हमारे वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री के खिलाफ षडय़ंत्र कर जिले का वातावरण दूषित कर रहीं है। जिला पंचायत उपचुनाव में भाजपा समर्थित उम्मीदवार वंदना राजवाड़े के जीत को कांग्रेस बर्दास्त नहीं कर पा रही है। इस हार से स्वयं और उनके समर्थक बौखला गए हैं।
फर्जी वीडियो वायरल करने वालों पर कार्यवाही की मांग
आमसभा के माध्यम से भाजपा पदाधिकारी ने कांग्रेस नेताओं पर पूर्व मंत्री के बयान के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया। इस मामले में भाजपा नेताओं ने वर्तमान विधायक अम्बिका सिंहदेव के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े के खिलाफ सोशल मीडिया पर अमर्यादित टिप्पणी एवं बिना अनुमति पुतला दहन, प्रदर्शन करने वाले लोगों पर कार्यवाही की मांग की।
जनपद सीईओ को हटाने की मांग पर किया था प्रदर्शन
बैकुंठपुर में जनपद सीईओ विनय कुमार कश्यप के कार्यों से असंतुष्ट जनपद अध्यक्ष सौभाग्यवती सिंह कुसरो, उपाध्यक्ष आशा साहू सहित जनपद सदस्य व सरपंचो ने सीइओ का तबादला कराने जिले के प्रभारी मंत्री और कलेक्टर से शिकायत की थी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े ने मीडिया के सामने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाते हुए संसदीय सचिव और बैकुंठपुर विधायक अंबिका सिंहदेव पर बयान दिए थे। उन्होंने कहा था कि "क्या खाली चेहरा दिखाने के लिए विधायक बनी हैं" उनके इस वीडियो को आधार बनाकर कांग्रेस नेताओं ने विधायक भैया लाल राजवाड़े का पुतला जलाया और सोशल मीडिया में महिला विधायक का अपमान बताकर मुहिम छेड़ दी। जिसके बाद भाजपा पदाधिकारियों ने भी आमसभा के माध्यम से पैलेस का घेराव किया।
पूर्व मंत्री राजवाड़े भी रहे मौजूद
भाजपा के इस जंगी प्रदर्शन में दो हजार से भी अधिक कार्यकर्ता व पदाधिकारी शामिल थे। महिला, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, युवा मोर्चा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस रैली में शामिल थे। तख्ती पर विविध नारे लिखकर सड़कों पर उतरे। इस दौरान पूर्व मंत्री भैयालाल राजवाड़े, पूर्व विधायक श्याम बिहारी जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष शैलेष शिवहरे, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications