छोटे भाई ने बड़े भाई के परिवार को पेट्रोल डालकर जिंदा जला डाला, तीन की मौत
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बुधवार की देर रात युवक ने अपने बड़े भाई के पूरे परिवार को जिंदा जला दिया, जिसमें पति-पत्नी समेत एक बेटी की मौत हो गई। जबकि 5 वर्षीय बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए मध्य प्रदेश के शहडोल रेफर कर दिया गया है। वहीं इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित छोटे भाई ने भी खुदकुशी कर ली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वेंकटनगर जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र के धनगवा निवासी ओमकार विश्वकर्मा और उसके सौतेले बेटे दीपक के बीच संपत्ति को लेकर विवाद काफी लंबे समय से चल रहा था। पूरा परिवार एक साथ ही रहता था। बुधवार की रात करीब डेढ़ बजे दीपक ने भाई ओमकार के सो रहे परिवार पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
फिर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई और ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस ने किसी तरह आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक 35 वर्षीय ओमकार, पत्नी कस्तूरिया और बेटी की मौत हो गई। वहीं 5 वर्षीय बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत होने के चलते उसे रेफर कर दिया गया।
इसी दौरान आरोपित दीपक ने भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसके शव को फंदे से नीचे उतारा। पुलिस ने पंचनामा भरकर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि वारदात के दिन भी दोनों की आपस में जमकर विवाद हुआ था।












Click it and Unblock the Notifications