छत्तीसगढ़ के अब तक के पांच बड़े नक्सली हमले, जिसने पूरे देश को हिलाकर रख दिया
Dantewada Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में एक बार फिर से नक्सलियों ने बड़ा हमला किया है। इस हमले में डीआरजी के 10 जवान शहीद हो गए हैं और एक चालक की भी मौत हो गई।

Dantewada naxal attack: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। इस हमले में 11 जवान शहीद हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक दंतेवाड़ा के अरनपुर में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) फोर्स को लेकर जा रहे वाहन पर IED से हमला हुआ। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से बात कर ताजा हालात की जानकारी ली है।आइए जानते हैं साल 2008 के बाद से छत्तीसगढ़ में हुए बड़े नक्सली हमले के बारे में।
दांतेवाड़ा में ही 6 अप्रैल 2010 को हुआ था नक्सली हमला
6 अप्रैल 2010 को छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में हुए नक्सली हमले में 76 जवान शहीद हो गए थे। इस घटना ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था। लगभग 1000 से अधिक नक्सलियों ने घात लगाकर 150 जवानों को घेर लिया था। इसके बाद जवानों ने मुंहतोड़ जवाब देन की कोशिश की लेकिन भारी संख्या में नक्सलियों ने उनके ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग करनी शुरू कर दी। इस घटना में 76 जवान शहीद हो गए थे जबकि 8 नक्सलियों की भी मौत हुई थी।
25 मई 2013 में कांग्रेसी नेता समेत 32 लोगों की मौत हुई
सुकमा जिले की दरभा घाटी में चल रही कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर नक्सलियों ने हमला किया था। इस हमले में कई पुलिसकर्मी सहित राज्य के पूर्व मंत्री नंद कुमार पटेल, वरिष्ठ नेता महेंद्र कर्मा और विद्याचरण शुक्ल सहित कुल 32 लोगों की मौत हुई थी। जबकि 30 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
24 अप्रैल 2017 को बुरकापाल में 25 जवान शहीद
24 अप्रैल 2017 में सुकमा के बुरकापाल बेस कैम्प के नजदीक नक्सलियों ने घात लगाकर हमला कर दिया था। इस हमले में 25 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। सुबह-सुबह जवानों की दो टीम पेट्रोलिंग के लिए निकली थी। लेकिन कुछ ही दूर पहुंचने पर वहां घात लगाए 300 नक्सलियों ने बेस कैंप से मात्र दो किलोमीटर दूर फायरिंग कर हमला कर दिया। इस हमले में 25 सीआरपीएफ जवानों की शहादत हो गई थी।
21 मार्च 2020, सुकमा के चिंतागुफा के पास हमले
21 मार्च 2020 में नक्सलियों ने सुकमा में खतरनाक योजना के तहत बड़े हमले को अंजाम दिया था। उस हमले में 17 जवानों की मौत हो गई थी। यह घटना सुकमा चिंतागुफा इलाके में उस वक्त हुई थी जब डीआरजी और एसटीएफ के जवान सर्चिंग अभियान चला रहे थे।
चार अप्रैल 2021 सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर हमले
चार अप्रैल 2021 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर और सुकमा जिले की सीमा पर नक्सली हमला हुआ था। इसमें 22 जवान शहीद हो गए थे।












Click it and Unblock the Notifications