छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव की तारीख घोषित, 10 जिलों के 15 शहरों में 20 दिसंबर को डाले जाएंगे वोट
रायपुर। बुधवार को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया। प्रदेश के 10 जिलों के 15 शहरों में निकाय चुनाव के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। वहीं 16 शहरों के 17 वार्डों में उपचुनाव भी होगा। वहीं चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया 27 नवंबर से शुरू होगी। 23 दिसंबर को मतगणना किया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि चुनाव वाले शहरों और वार्डों में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो जाएगी। संबंधित जिला प्रशासन चुनाव की अधिसूचना 27 नवंबर को जारी करेगा। उसी दिन सीटों के आरक्षण और मतदान केंद्रों की सूची भी जारी हो जाएगी। नामांकन फॉर्म भी 27 नवंबर से मिलने शुरू होंगे।

नामांकन की आखिरी तारीख 3 दिसंबर तय की गई है। दिसंबर की 6 तारीख तक नाम वापस लिये जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद बचे हुए वैध उम्मीदवारों की सूची और चुनाव चिन्ह का आवंटन भी 6 दिसंबर को ही हो जाएगा। एक से अधिक उम्मीदवार होने की स्थिति में 20 दिसंबर को मतदान होगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। 23 दिसंबर को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। उसी दिन परिणामों की घोषणा भी हो जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने बताया, 15 नगरीय निकायों के 370 वार्डों में आम चुनाव होना है। वहीं 16 नगरीय निकायों के 17 वार्डों में उपचुनाव होगा। आम चुनाव में 7 लाख 78 हजार 420 मतदाता प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने वाले हैं। इसमें 3 लाख 90 हजार 843 महिलाएं हैं। उप चुनाव में 26 हजार 896 मतदाताओं को वोट डालना है।












Click it and Unblock the Notifications