छत्तीसगढ़: ED के छापों पर CM भूपेश का जवाब, कांग्रेस के अधिवेशन से घबरा गई है भाजपा
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 4 दिन बाद कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन है। हमारे सभी नेता अपने-अपने कार्य में लगे हैं। कांग्रेस जब भी कोई बड़ा कार्यक्रम करवाती है, तब छत्तीसगढ़ में आयकर और ईडी का छापा पड़ता है।
Bhupesh Baghel on ED Raid: रायपुर में होने वाले कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन से पहले छत्तीसगढ़ के कई कांग्रेस नेताओं के घरों में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने छापा पड़ने से सियासत गरमा गई है।सोमवार सुबह से ईडी की टीम ने रायपुर और दुर्ग जिले में आधा दर्जन से अधिक कांग्रेस नेताओं के घरों पर छापेमारी की है,जिसके बाद छत्तीसगढ़ से लेकर दिल्ली एक सियासत गरमाई हुई है। इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रेस कांफ्रेंस लेकर केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर हमला बोला है।

आज सोमवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर, दुर्ग सहित कई जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने छापा मारा है। छापे के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष, पार्टी के पूर्व उपाध्यक्ष और एक विधायक समेत मेरे कई साथियों के घरों पर प्रवर्तन निदेशालय ने छापा मारा है।
सीएम भूपेश ने कहा कि 4 दिनों के बाद रायपुर में कांग्रेस का महाधिवेशन होने वाला है। बीजेपी हमारे हौसले नहीं तोड़ सकती। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा राहुल गांधी की "भारत जोड़ो यात्रा" की सफलता और अडानी की सच्चाई खुलने से भाजपा हताश और निराश है। छत्तीसगढ़ में ईडी का छापा ध्यान भटकाने का प्रयास है,लेकिन देश सच जानता है। हम लड़ेंगे और जीतेंगे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि 4 दिन बाद कांग्रेस का राष्ट्रीय महाधिवेशन है। हमारे सभी नेता अपने-अपने कार्य में लगे हैं। कांग्रेस जब भी कोई बड़ा कार्यक्रम करवाती है, तब छत्तीसगढ़ में आयकर और ईडी का छापा पड़ता है। सभी को पहले से इस बात की आशंका थी कि छापा पड़ेगा और पड़ गया। सीएम भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा में प्रधानमंत्री बोलते है, मैं कितनो पर भारी पड़ता हूं, किन्तु संसद में अडानी पर नहीं बोलते है। भारत जोड़ो यात्रा के बाद भारतीय जनता पार्टी बेचैन है।
Recommended Video
सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अधिवेशन में आगामी विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव, देश और विदेश नीति पर चर्चा होगी,2024 का रोडमैप तैयार होगा, इसीलिए भाजपा ने ये हथकंडा अपनाया है,किंतु भाजपा ,चाहे कितनी भी कोशिश कर लें हम नहीं घबरायेंगे। कांग्रेस छापा मारने से नहीं डरेगी।
उन्होंने पूर्व सीएम रमन सिंह पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब भी छापे पड़ते हैं, रमन सिंह आयकर और ईडी के प्रवक्ता बन जाते हैं। ईडी का प्रेस नोट जारी होने से पहले रमन सिंह का प्रेस हूबहू नोट जारी हो जाता है। देश में केवल चार साल में छत्तीसगढ़ सरकार की सफलता की चर्चा भी है,जिसे बीजेपी नहीं पचा पा रही है।
गौरतलब कि 24 फरवरी से नया रायपुर में कांग्रेस का राष्ट्रीय अधिवेशन होना है। उससे पूर्व कांग्रेस नेताओं के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई से सियासी शोर मचना तय माना जा रहा है। यह बात भी गौर करने वाली है कि इससे पूर्व भी ईडी की टीम कई बार राज्य में अफसरों और व्यापारियों पर कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन पहली दफा सीधे तौर पर कांग्रेस संगठन के बड़े नेताओं के घर पर टीम ने छापा मारा गया है।
जानकारी के मुताबिक जिनके आवासों में छापा पड़ा है,उनमे छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष सुशील सन्नी अग्रवाल, कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, चंद्रदेव रा, विनोद तिवारी , कांग्रेस के वरिष्ठ मीडिया प्रवक्ता आरपी सिंह समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई कोयला घोटाले से संबंधित जाँच का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में ED की रेड को लेकर BJP पर बरसे जयराम रमेश, कहा- छापों से नहीं डरेगी कांग्रेस












Click it and Unblock the Notifications