छत्तीसगढ़ बीजेपी का कांग्रेस पर वार, केदार गुप्ता ने कहा- मुंगेरीलाल के हसीन सपने सजा रहा विपक्ष
Chhattisgarh BJP: छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस जब अपने राजनीतिक वजूद को बचाने की सबसे विफल कोशिश कर रहा है, तब छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी अपनी पाँच न्याय और 25 गारंटियों के नाम पर सत्ता हासिल करने के मुंगेरीलाल के हसीन सपने सजा रहे हैं। गुरुवार को एक बयान जारी करके गुप्ता ने कहा कि जिस कांग्रेस ने कभी देश और छत्तीसगढ़ की जनता का भला नहीं सोचा, एक परिवार की परिक्रमा करना ही जिस कांग्रेस का कुलजमा राजनीतिक वजूद रह गया है, वह कांग्रेस चाहे जितने सपने सजा ले, चाहे जितने सब्जबाग दिखा दे, देश की जनता ने अब कांग्रेस पर कतई भरोसा नहीं करने का संकल्प ले लिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुप्ता ने कहा कि देश अब केवल 'मोदी की गारंटी' पर भरोसा कर रहा है, क्योंकि पिछले 10 साल में देश के हर समाज और हर वर्ग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम, सशक्त और सुविचारित नेतृत्व में अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ है और देश के साथ-साथ प्रदेश की जनता तक उन योजनाओं का पूरा लाभ भी पहुँचा है। बदलापुर की राजनीति करके केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभ से छत्तीसगढ़ की जनता को वंचित रखने का षड्यंत्र करके कांग्रेस की भूपेश सरकार ने अपनी ही पार्टी के किए हुए वादों से गंगाजल की सौगंध खाकर भी जिस तरह मुँह फेरा था, उसकी सजा छत्तीसगढ़ की जनता ने पिछले विधानसभा चुनाव में दी है और अब प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मोदी की गारंटी के तहत व्यक्त संकल्पों को 100 दिनों में पूरा करके एक मिसाल कायम कर दी है।
गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस चाहे जितनी गारंटी दे दे, देश और छत्तीसगढ़ की जनता अब मोदी की गारंटी के साथ है, क्योंकि मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी है। कांग्रेस की गारंटी केवल हवा-हवाई जुमलेबाजी है और येन-केन-प्रकारेण सत्ता हासिल करने के स्वार्थ से प्रेरित है।
गुप्ता ने कहा कि जिस स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों की दुहाई देकर एमएसपी को कानूनी गारंटी देने का झाँसा कांग्रेस किसानों को देने में लगी है, वह पहले यह बताए कि इस आयोग की सिफारिशों को कांग्रेसनीत यूपीए की केंद्र सरकार ने सालों तक क्यों दबाए रखा था? महिलाओं को एक लाख रुपए सालाना देने का जो शोर कांग्रेस मचा रही है, उसकी व्याख्या करते समय कांग्रेसियों के मुँह में दही क्यों जम रहा है? कांग्रेस यह क्यों नहीं बताती कि इसके लिए सालाना 50 लाख करोड़ रुपए का इंतजाम कहाँ से होगा जबकि देश का कुल बजट ही इतना होता है।
यह भी पढ़ें छत्तीसगढ़ में मतदाता जागरूकता अभियान जारी, स्वीप क्रिकेट प्रतियोगिता का हुआ आयोजन












Click it and Unblock the Notifications