CG: बस्तर में बने 126 नए मतदान केंद्र, 40 केंद्र में आजादी के बाद पहली बार मतदाता अपने गांव में डालेंगे.वोट
CG Election 2023: कभी नक्सलियों के वर्चस्व वाला इलाका रहा बस्तर अब धीरे-धीरे शांति की ओर लौटने लगा है। इसके साथ ही अब लोगों का लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व चुनाव पर भरोसा भी होने लगा है।
यही कारण है कि इस साल बस्तर संभाग की 12 सीटों पर 126 नए पोलिंग बूथ बनाए गए हैं, जहां पहली बार मतदान होगा। बताया जाता है कि इन 126 नए पोलिंग बूथ में 40 मतदान केंद्र ऐसे भी हैं, जहां आजादी के बाद लोग पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बस्तर संभाग की 12 सीटों समेत 20 सीटों पर मतदान 7 नवंबर को होंगे। ऐसे में पूरे बस्तर संभाग में जहां विधानसभा चुनाव की तैयारियां जारी हैं, वहीं मतदान केंद्रों को भी तय कर लिया गया है। जिन 126 नए मतदान केंद्रों में मतदाता वोटिंग करेंगे, उन्हें लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया जा रहा है।
मालूम हो कि बस्तर संभाग की 12 सीटों में से कांकेर विधानसभा में 15, अंतागढ़ में 12, भानुप्रतापपुर में 5, कोंटा में 20, चित्रकोट में 14, जगदलपुर में 4, बस्तर में 1, कोंडागांव में 13, केशकाल में 19, नारायणपुर में 9, दंतेवाड़ा में 8 और बीजापुर विधानसभा में 6 नए मतदान केंद्र इस साल शुरू होंगे। इनमें सबसे ज्यादा कोंटा विधानसभा में 20 नए केंद्र शुरू किए जा रहे हैं।
दरअसल बस्तर में अंदरूनी इलाकों तक पैरामिलेट्री बलों की पहुंच हो चुकी है। ऐसे में नक्सलियों के भय से जहां लोग पहले मतदान करने से कतराते थे, वहीं सुरक्षा बलों की मौजूदगी में उन्हें मतदान करने का साहस मिला है। यही कारण है कि अब धीरे-धीरे बस्तर के लोगों का विश्वास लोकतंत्र पर बढ़ता दिखने लगा है।
संवाद सूत्र: ऋषि भटनागर, जगदलपुर/छत्तीसगढ़












Click it and Unblock the Notifications