BJP विधायक ने कहा- महंगाई है तो खाना-पीना छोड़ दें , कांग्रेस ने बयान को बताया बेशर्मी की पराकाष्ठा
रायपुर। एक तरफ बढ़ती महंगाई के चलते आम जनता परेशान है। खाद्य तेलों से लेकर पेट्रोल व डीजल के बढ़ती कीमतों ने इस कोरोना काल में लोगों की परेशानियों को बढ़ा दी है। वहीं छत्तीसगढ़ सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके भाजपा विधायक ब्रजमोहन अग्रवाल ने महंगाई को लेकर बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें महंगाई आपदा लग रही है, वह खाना-पीना छोड़ दें और पेट्रोल भरवाना भी छोड़ दें।

कांग्रेस ने बयान को बताया- बेशर्मी की पराकाष्ठा
इसके अलावा कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस को वोट देने वाले और कांग्रेस ऐसा कर लेंगे तो महंगाई कम हो जाएगी। ब्रजमोहन अग्रवाल के इस बेतुके बयान पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद ने ट्वीट करते हुए कहा कि देखिये भाजपा विधायक की बेशर्मी भरी सलाह, जनता खाना-पीना बंद कर दे, पेट्रोल डीजल का इस्तेमाल करना बंद कर दे तो महंगाई कम हो जाएगी।

कांग्रेस ने कहा- घरों के चूल्हों के बुझने की नौबत आ गई
वहीं सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि ब्रजमोहन अग्रवाल का ये बयान बेशर्मी की परकाष्ठा है। उनकी और केंद्र सरकार की मुनाफाखोरी वाली नीति के चलते लोगों के घरों के चूल्हों के बुझने की नौबत आ गई है। महंगाई की बेतहाशा बढ़ोत्तरी के चलते देश का मध्यम वर्ग और गरीब वर्ग परेशनान है। उन्होंने कहा कि ब्रिजमोहन जैसे लोगों का इस तरह बयान देना लोगों के जले पर नमक छिड़कने जैसा है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भी महंगाई को लेकर मोदी सरकार को घेरा था
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भी मोदी सरकार के सात साल पूरे होने पर निशाना साधते हुए कहा था कि पिछले 7 वर्षों में महंगाई दोगुने से ज्यादा बढ़ गई है। ये एक राष्ट्रीय आपदा है। कोरोना के चलते लोगों की आय प्रभावित है और इसके चलते लोगों की परेशानियों में और बढ़ोत्तरी हुई है।












Click it and Unblock the Notifications