Chhatarpur News: 'कुत्ते' ने काटा था, बच्ची के शरीर में निकला 'सांप' का जहर!
मध्य प्रदेश के छतरपुर जिला अस्पताल में एक अजीब तरह का मामला सामने आया है। जिसमें 10 साल की एक बीमार बच्ची को लाया गया था। उसे कुत्ते ने काटा था, जिसके लिए एंटी रैबीज के इंजेक्शन भी लग रहे थे। हालांकि हालत बिगड़ने पर ब्लड की जांच कराई गई तो उसमें सांप का जहर मौजूद पाया गया। यह कैसे संभव है, इसको लेकर चिकित्सक और विशेषज्ञों का भी दिमाग चकरघिन्नी बना हुआ है।

छतरपुर पुलिस से मिली जानकारी अनुसार जिला अस्पताल में सटई थाना क्षेत्र के सिलावट गांव की 10 साल की बच्ची क्रांति की एक माह तक चले इलाज के बाद मौत हो गई। परिजन के अनुसार इस लड़की को कुत्ते ने काटा था, लेकिन जब उसकी जांच की गई तो शरीर में सांप का जहर पाया गया।
सिलावट गांव के गौरीशंकर पाल ने बताया कि गांव की बच्ची क्रांति कुशवाहा को एक माह पहले गांव में आवारा कुत्ते ने काट लिया। परिजन ने क्रांति को सटई अस्पताल ले जाकर इंजेक्शन लगवाए, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजन बच्ची को छतरपुर लाए और जांच कराई। जिसमें पता चला कि उसके शरीर में सांप का जहर है। पिछले एक सप्ताह से क्रांति की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। बीती रात इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
अंदाज ही लगा पा रहे, कुत्ते को सांप ने काटा होगा
कुत्ते के काटने से शरीर में सांप का जहर कैसे पहुंच सकता है, इसको लेकर परिजन का अलग ही तर्क है। वे आशंका जता रहे हैं कि जिस कुत्ते ने बच्ची को काटा था, उसे सांप ने काटा होगा, इसलिए बच्ची के शरीर में सांप का जहर पाया गया। हालांकि मेडिकल सांइस थ्योरी से इत्तेफाक नहीं रखता है।












Click it and Unblock the Notifications