पन्ना की धरती ने एक रात में बनाया लखपति, 35 लाख का हीरा मिला
पन्ना की धरती हीरे उगलती है, चमत्कार करती है। यह यदि मेहरबान हो जाए तो रंग से राजा बनने में समय नहीं लगता। ऐसा ही मामला शुक्रवार को सामने आया है। यहां हीरा खदान लेकर खुदाई करने वाले दोस्तों की तकदीर एक रात में बदली और वे लखपति बन गए। करीब 35 लाख रुपए का हीरा उन्हें उथली खदान से मिला है।

पन्ना जिले में गरीब-मजदूर, मेहनत कश लोगों को यहां की जमीन जब-तब लखपति बना देती है। कोई राह चलते हीरा पाकर तो कोई खेतों में तो किसी की मिट्टी को छानते हुए ही यह धरती तकदीर बदल देती है। लंबे समय बाद एक बार फिर मायूस युवाओं के लखपति बनने का मामला सामने आया है। इन्हें तीन साल की मेहनत के बाद 7.9 कैरेट का करीब 35 लाख रुपए कीमत का हीरा मिला है।
पन्ना जिला हीरा कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार जरुआपुर की उथली हीरा खदान से किसान सुनील कुमार और अन्य साथियों 7.90 कैरेट का बेशकीमती हीरा मिला है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपए आंकी जा रही है। हीरे को सुनील कुमार व उसके साथियों ने हीरा कार्यालय पहुंचकर जमा करवा दिया है। आगमी दिनों में इसे हीरा नीलामी में रखा जाएगा।
सुनील व उसके 9 साथी तीन साल से मेहतन कर रहे हैं
हीरा मिलने वाले किसान सुनील कुमार ने अपने 9 साथियों के साथ मिलकर जरुआपुर गांव में एक निजी भूमि में हीरा खदान खोदने का पट्टा हीरा कार्यालय से जारी करवाया था। करीब तीन साल तक लगातार सभी ने कड़ी मेहनत कर एक कंकड़ के बीच में हीरे की तलाश की, लेकिन हीरा उनके हाथ नहीं लगा। लेकिन शुक्रवार को उनकी तकदीर बदली और मिट्टी-कंकड़ के बीच चमचमाता हीरा उन्हें नजर आया और सभी साथी खुशी से झूम उठे। हीरे की नीलामी में जो भी राशि उन्हें प्राप्त होगी सभी आपस में बांटेगे।












Click it and Unblock the Notifications