Panna: मरीजों की जगह सवारी ढोते 108 वाहन पकड़ा, युवकों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया
पन्ना (Panna) जिले के रैपुरा में कुछ युवकों ने एक 108 एंबुलेंस के ड्राइवर को पकड़ा है। दरअसल यह ड्राइवर आपातकालीन एंबुलेंस में मरीज के बजाय पैसे लेकर सवारियां ढो रहा था। युवकों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया...

बुंदेलखंड के पन्ना में 108 एंबुलेंस वाहन के ड्राइवर द्वारा दुरूपयोग करने व टैक्सी के रूप में उपयोग करने का मामला सामने आया है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी अनुसार पन्ना के रैपुरा में हनुमान मंदिर के पास कुछ युवकों ने 108 एंबुलेंस वाहन में मरीज के बजाय सामान्य महिलाओं को बच्चों को बैठे देखा था। उन्होंने एंबुलेस रूकवाकर ड्राइवर से पूछताछ की तो वह गोलमोल जवाब देने लगा।
युवकों ने जबरन गेट खुलवाया, 8 सवारियां बैठी थीं
रैपुरा के निवासी युवक पुष्पेंद्र पटेल, शांतनु खरे, सोमनाथ लखेरा सहित उनके साथियों ने एंबुलेंस को रुकवाया और पीछे का गेट खोलकर मरीज को देखने का प्रयास किया तो वे हैरत में पड़ गए। एंबुलेंस में मरीज के बजाय महिला बच्चों को लिए बैठी थीं। महिलाओं ने बताया कि वे बस के इंतजार में बैठी थीं, एंबुलेंस के चालक ने उन्हें पैसे लेकर छोड़ने की बात कही तो वे सभी बैठ गईं। आपातकालीन इकाई में महिलाओं का सामान, बैग, थैले भी भरे हुए थे। युवकों के स्थानीय मीडिया को बताया कि उन्हें कटनी तिराहे पर एंबुलेंस में इतने सारे लोग देखकर संदेह हुआ था, इस कारण गेट खुलवाया और वीडियो बनाया था।
108 प्रबंधन ने दिए जांच के निर्देश
पन्ना जिले के 108 एंबुलेंस सेवा जय अम्बे इमरजेंसी हेल्थ सर्विसेज के जिला प्रभारी संदीप त्रिपाठी ने स्थानीय मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। वीडियो भी उन्हें मिल गया है। वे इस मामले में जांच करा रहे हैं। लापरवाहों पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications