'तुमको केंद्रीय मंत्री बनवा दूंगा', भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम से विधायक अरविंद पटेरिया को आया फोन
BJP MLA Arvind Pateria: मध्य प्रदेश सहित देश के सभी विधायक और सांसदों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि इन दिनों कई बदमाश उन्हें ठगने की कोशिश में लगे हैं। ताजा मामला मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से सामने आया है।
जिले की राजनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया के साथ ठगी करने की कोशिश की गई है। यह कोशिश उनको केंद्र में मंत्री बनाने का लालच देकर की गई। फोन पर विधायक को ऑफर देने वाले व्यक्ति ने खुद को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बताया है।

जानकारी मुताबिक राजनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अरविंद पटेरिया के मोबाइल पर 10 से 15 दिन पहले एक कॉल आया जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह राष्ट्रीय कार्यालय से बात कर रहे हैं और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी आपसे बात करेंगे। तभी कॉल करने वाले व्यक्ति ने किसी अन्य व्यक्ति से बात कराई और कहा कि मैं राष्ट्रीय अध्यक्ष बोल रहा हूं,
आपको केंद्रीय मंत्री बनाया जा रहा है। इसीलिए आप 25 जुलाई को मुझसे दिल्ली आकर मिलिए और कॉल काटने के पहले कहा कि कहीं पार्टी का कार्यक्रम चल रहा है, जिसमें आपको दो समय के खाने का इंतजाम करना है। जिसके लिए आप 80 हजार रुपए भिजवा दो।
तभी राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया को समझ आ गया कि यह फर्जी फोन कॉल है। मेरे साथ ठगी होने वाली है। इसलिए उन्होंने अपनी पार्टी में उच्च स्तर पर बात करते हुए 5 दिन पहले राजनगर थाने में मामला दर्ज कराया है। उधर राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने बताया कि सूचना मिली है कि 2 दिन पहले रतलाम में भी इसी प्रकार की कोई घटना हुई है।
वही इस पूरे घटनाक्रम को लेकर छतरपुर के सीएसपी अमन मिश्रा ने कहा कि राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया के पास एक कॉल आया, जिसने अपने को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय दिल्ली का पदाधिकारी बताकर देश के संगठन में बड़ा पद दिए जाने की बात कही है। जिसके एवज में 1 लाख रुपए की मांग की गई है। इसी को आधार मानकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ 419, 420 धारा के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है।












Click it and Unblock the Notifications