Chhatarpur: राजनीति की राह पर डिप्टी कलेक्टर, निशा बांगरे को छुट्टी नहीं मिली तो दिया इस्तीफा
छतरपुर जिले के लवकुशनगर की एसडीएम (डिप्टी कलेक्टर) निशा बांगरे ने अप्रत्याशित रूप से बड़ा कदम उठाते हुए नौकरी छोड़ने का फैसला कर लिया है। उन्होंने सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को हाथ से लिखा इस्तीफा भेजा है। इसमें कहा गया है कि उन्हें स्वयं के परिवार में आयोजित गृहप्रवेश के कार्यक्रम व तथागत बुद्ध की अस्थियों के दर्शन की अनुमति न मिलने के कारण वे आहत हैं। इस कारण डिप्टी कलेक्टर पद छोड़ रही हैं। बता दें कि ये वहीं निशा बांगरे हैं जिन्होंने राजनीति में आने के स्पष्ट संकेत देते हुए बेहतर अवसर आने पर राजनीति ज्वाइन करने की बात कही थी।

राज्य प्रशासनिक सेवा 2016 में डीएसपी व साल 2017 में डिप्टी कलेक्टर पद पर चयनित हुईं थीं। वर्तमान में वे छतरपुर के लवकुशनगर में एसडीएम पद पर काबिज हैं। बीते रोज उन्होंने बड़ा निर्णय करते हुए इस्तीफा देने का मन बना लिया। सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव को हाथ से लिखा एक पेज का इस्तीफा भी भेज दिया। बताया जा रहा है कि उनको गृहप्रवेश के पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अवकाश नहीं दिया गया। इसी कार्यक्रम में विश्व शांति दूत तथागत बुद्ध की अस्थियां भी दर्शन के लिए लाई जाएंगी। इसमें शामिल होने की भी उन्हें अनुमति नहीं मिल सकी। इस कारण उन्होंने आहत होकर व धार्मिक भावना को ठेस पहुुंचने का हवाला देते हुए रिजाइन कर दिया है।

बैतूल जिले व आमला विधानसभा में काफी काम किया है
निशा बांगरे पूर्व में बैतूल जिले में पदस्थ रही हैं। इस दौरान उन्होंने जिले सहित खासतौर से आमला क्षेत्र में काफी काम किया है। यहां उनकी छवि प्रशासनिक अधिकारी से ज्यादा समाजसेवी की है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि निशा बांगरे सीधे तौर पर इस इलाके में काफी हस्तक्षेप रखती हैं, इस कारण वे राजनीति ज्वाइन कर यहां से विधानसभा का चुनाव लड़ सकती हैं। बीते दिनों खुद निशा बांगरे राजनीति में आने को लेकर इच्छा जाहिर कर चुकी हैं। हालांकि वे किस पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ेंगी या ज्वाइन करेंगी, इसको लेकर अभी संशय है। खुले रूप से वे अभी इंकार कर रही हैं, लेकिन उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में वे मैदान में जरूर उतरेंगी।
कौन हैं डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे
छतरपुर के लवकुश नगर में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे मूल रूप से बालाघाट जिले की रहने वाली हैं। उन्होंने विदिशा के सम्राट अशोक प्रौद्योगिकी संस्थान से 2010-2014 में इंजीनियरिंग की है। इसके बाद उन्होंने अमेरिका की मल्टी नेशनल कंपनी में काम किया। साल 2016 में एमपी पीएससी की परीक्षा में उनका चयन डीएसपी के पद पर हुआ। इसके बाद 2017 में एमपी पीएससी में उनका चयन डिप्टी कलेक्टर के पद पर हुआ।












Click it and Unblock the Notifications