कमल हासन ने खुद के लोकसभा चुनाव लड़ने पर कहा- पार्टी लेगी फैसला
चेन्नई: अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन ने आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को लेकर बड़ा बयान दिया है. कमल हासन ने कहा कि उनकी पार्टी मक्कल नीधि मय्यम तय करेगी वो आने वाले लोकसभा चुनाव में कहां से चुनाव लड़ेंगे या फिर नहीं लड़ेंगे। तमिलनाडु के कोयबंटूर के पोल्लाची में पार्टी के नए ऑफिस का उद्धघाटन करने आए कमल हासन ने मीडिया से बातचीत में इसका खुलासा किया। मक्कल नीधि मय्यम ने पिछले साल दिसंबर में कोर कमेटी की बैठक में आने वाले चुनाव में गठबंधन का फैसला कमल हासन पर छोड़ दिया था।

आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी के उपाध्यक्ष आर महेंद्रन की अध्यक्षता में एक चुनाव कमेटी का गठन किया गया है, जो तमिलनाडु की सभी 40 लोकसभा सीटों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों का चयन करेगी। बुधवार को उनके चुनाव लड़ने के सवाल पर हासन ने कहा कि ये फैसला पार्टी द्वारा लिया जाएगा। पार्टी विश्लेषण करेगी क्या परिस्थितियां हमारे अनुकुल है। हमें कोई जल्दी नहीं है।
दो साल पहले दिसंबर 2016 में जब कमल हासन जल्लीकट्टू को लेकर चेन्नई में हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल हुए तब ही उनके राजनीति में उतरने के इरादे स्पष्ट हो गए थे। तब से हासन जनता के हितों के अनेक मुद्दों पर लगातार ट्वीट करते रहते हैं। पिछले साल बेगुन में पार्टी का पहला ऑफिस खोलने के बाद पार्टी ने पोल्लाची में दूसरा ऑफिस खोला है।
पार्टी का प्लान है कि वो त्रिची के पास अपने दो नए ऑफिस खोलेगा। ये ऑफिस मध्य तमिलनाडु के लिए खोले जाएंगे। इसके अलावा पूर्व तमिलनाडु के लिए थूथुकुडी में ऑफिस खोलने की योजना है। हासन ने कहा कि ये विकेंद्रीयकरण के लिए किया जा रहा है। ताकि कॉडर पार्टी तक आसानी से पहुंच सके।
तमिलनाडु में आगामी लोकसभा चुनाव में गठबंधन के सवाल पर हासन ने कहा कि वो कांग्रेस के साथ गठबंधन में रुचि रखते हैं। लेकिन इसके लिए उसे डीएमके के साथ गठबंधन तोड़ने के लिए तैयार रहना होगा। उनकी पार्टी मक्कल नीधि मय्यम के सूत्रों का कहना है कि पार्टी अपने इस रुख पर कायम है कि वो ऐसे किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी
जिसमें राज्य की दो बड़ी पार्टियां डीएमके और एआईएडीएमके शामिल हो।












Click it and Unblock the Notifications