तमिलनाडु के किसानों की केंद्र ने सुनी दिया 2,000 करोड़ से ज्यादा की सहायता, AIADMK ने बताया कम
तमिलनाडु के किसानों की केंद्र सरकार ने सुन ली है। केंद्र की ओर से 2,000 करोड़ रुपए की सहायता उपलब्ध कराई गई है।
नई दिल्ली। तमिलनाडु में सूखे और कर्ज की मार झेल रहे किसानों को केंद्र सरकार ने 2,000 करोड़ रुपए दिया है। पत्र सूचना कार्यालय की ओर से जारी की गई विज्ञप्ति में कहा है कि केंद्र सरकार ने कल शुक्रवार को (31 मार्च) तमिलनाडु के लिए 2014.45 रुपए करोड़ की केंद्रीय सहायता जारी की है।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मार्च 23, 2017 को तमिलनाडु को यह सहायता प्रदान करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता की थी।
जानकारी दी गई है कि तमिलनाडु को दी जा रही इस सहायता में सूखे (खरीफ) के लिए 1748.28 करोड़ रुपये, समुद्री तूफान 'वार्धा' के लिए 264.11 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय ग्रामीण पेयजल कार्यक्रम के लिए 2.06 करोड़ रुपये की सहायता शामिल है। तमिलनाडु सरकार ने राज्य में सूखे और समुद्री तूफान वार्धा को देखते हुए केंद्रीय सहायता के लिए ज्ञापन भेजा था।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि भारत सरकार ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल तमिलनाडु भेजा था। इस दल की सिफारिशों और राष्ट्रीय कार्यकारी समिति की उप-समिति की सिफारिशों के आधार पर उच्च स्तरीय समिति ने उपरोक्त केंद्रीय सहायता का अनुमोदन किया।
हालांकि तमिलनाडु में सत्ता धारी दल ऑल इंडिया अन्नाद्रमुक कड़गम (AIADMK) के टीटीवी दिनाकरन ने कहा है कि सरकार की ओर से जारी की गई राशि कम है।
बता दें कि इन दिनों जंतर मंतर पर किसानों का धरना भी चल रहा है। किसान बीते 21 दिन से धरने पर हैं। उनका कहना है कि सरकार जब तक उनकी मांगे नहीं मानेगी वो वहां से नहीं हटेंगे।












Click it and Unblock the Notifications