Punjab News: अग्निवीरों के लिए नई योजना लाने की तैयारी में पंजाब सरकार, जानिए परमानेंट करने का पूरा प्लान
Punjab News: देश के युवाओं को अग्निवीर के तहत 4 साल नौकरी देने का फैसला किया गया तो इसे लेकर बवाल मच गया था। देश भर में जगह-जगह प्रदर्शन हुए थे। वहीं अब भी लंबे समय से मांग चल रही है कि अग्निवीरों की नौकरी को परमानेंट किया जाए। पंजाब सरकार ने इस मामले में बड़ा फैसला लेते हुए अग्निवीरों को 4 साल की नौकरी के बाद पंजाब पुलिस और प्रदेश के अन्य सरकारी विभागों में नौकरी देने का प्लान बना रही है।
पंजाब सरकार ने तैयार किया यह प्रस्ताव
पंजाब सैनिक कल्याण विभाग और पंजाब पूर्व सैनिक कल्याण निगम की ओर से संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार किया गया है। जिसके तहत सैनिक कल्याण विभाग द्वारा पंजाब पुलिस में अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण निर्धारित करने के साथ-साथ अन्य विभागों में भी अग्निवीरों के पुनर्वास पर काम करने की सिफारिश की गई है। इसके साथ ही प्रस्ताव में यह भी सिफारिश की गई है कि खाद्य और आपूर्ति प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, खनन जैसे अन्य विभागों में ड्राइवर और निरीक्षकों के पद पर अग्निवीरों के लिए कोटा निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही प्रदेश में उद्योग विभाग को अग्निवीरों के लिए 5 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की सिफारिश की गई है।

सरकार की सैद्धांतिक सहमति के बाद होगी आगे कार्रवाई
इस प्रस्ताव को पहले प्रदेश सरकार के पास सैद्धांतिक मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। यहां से अगर मंजूरी मिल जाती है तो फिर इस प्रस्ताव को रोजगार सृजन एवं कौशल विकास विभाग और राज्य श्रम विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद दोनों विभाग मिलकर इस पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेंगे। इसके बाद ही विभाग में अग्निवीरों के लिए स्पेशल कोटा निर्धारित किया जाएगा।
2022 में शुरू हुई थी अग्नि वीर योजना
केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा साल 2022 में अग्निवीर योजना की शुरुआत की गई थी। साल 2026 में पहले बैच के अग्निवीरों के 4 साल पूरे होंगे। साल 2022 के अग्निवीर भर्ती के लिए उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पंजाब के करीब 1,818 अग्निवीर साल 2026 में सेवा मुक्त हो जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications