Punjab News: सीएम मान ने जेल में विधायक चैतर वसावा से की मुलाकात, कहा-'भाजपा का अत्याचार हद पार कर गया'
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोमवार को गुजरात जेल में बंद आप विधायक चैतर वसावा से मुलाकात की है। इस दौरान आप पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी उनके साथ रहे। इससे पहले उन्होंने विधायक वसावा के समर्थन में एक जनसभा भी की। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा का अत्याचार और तानाशाही अपनी हद पार कर गई है।
जनसभा को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि विधायक चैतर वसावा को भाजपा सरकार ने आदिवासी और गरीब लोगों की लड़ाई लड़ने के लिए जेल में डाल रखा है। लेकिन जेल जाने से उनके हौंसलें कमजोर नहीं होने वाले हैं। बल्कि वह और मजबूत होकर बाहर निकलेंगे।
सीएम भगवंत मान ने कहा कि सरकारों द्वारा लोगों की आवाज उठाने वाले नेताओं को जेल भेजना कोई नई बात नहीं है। यह स्वतंत्रता संग्राम के समय से ही होता आया है। जो भी आम लोगों की लड़ाई लड़ता है और लोगों को लूटने वालों के खिलाफ आवाज उठाता है। उसे जेल जाना ही पड़ता है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी भाजपा ने हमारे नेताओं के साथ ऐसा ही किया है। मनीष सिसोदिया ने दिल्ली के सरकारी स्कूलों को अच्छा बना दिया तो मोदी सरकार ने उन्हें जेल भेज दिया। दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों से नाम कटवा कर बच्चे सरकारी स्कूलों में दाखिला ले रहे थे। क्योंकि दिल्ली के सरकारी स्कूल प्राइवेट स्कूल से अच्छे हो गए थे। इसी तरह दिल्ली के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सरकारी अस्पतालों का कायाकल्प कर दिया।
सीएम मान ने कहा कि दिल्ली में जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बना दिए गए हैं। लोगों को मुफ्त में हर तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने लगी है। फिर उन्होंने सत्येंद्र जैन को भी जेल में डाल दिया। हमारे राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी इन लोगों ने संसद में अडानी घोटाले के खिलाफ बोलने के कारण जेल में बंद कर दिया। अब इन्हें लगता है कि अरविंद केजरीवाल देश में जहां भी जाता है। वहां भाजपा का सूपड़ा साफ हो जाता है। इसलिए अब उन्हें भी जेल भेजने की साजिश रच रहे है।
उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगता है कि जेल में बंद करने से वह हमें डरा देंगे तो वह गलतफहमी में है। वह कुछ भी कर ले। लेकिन अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता उनसे डरने वाले नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications