Punjab News: सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल देंगे सौगात, लोगों को घर बैठे मिलेगा सेवाओं का लाभ
Punjab News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल रविवार को लुधियाना से जनता को बड़ी सौगात देंगे। दोनों नेता सार्वजनिक सेवाओं की डोरस्टेप डिलीवरी की शुरुआत करेंगे। योजना के तहत 43 तरह की सेवाएं सिर्फ एक फोन कॉल पर घर बैठे मिलेंगी। 10 दिसंबर से 43 प्रकार की सरकारी सेवाएं मिलने लगेंगी। इनमें जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र, आय और निवास प्रमाण पत्र, जाति और पेंशन प्रमाणपत्र, बिजली बिलों की अदायगी और अन्य सेवाएं शामिल हैं। सीएम भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल लुधियाना से सरकार तुहाडे द्वार स्कीम शुरू करेंगे। इस योजना से आम जनता को काफी फायदा होगा। उन्हें अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। सबसे बड़ी बात यह है कि इससे पैसे लेकर काम करवाने वाले बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाएगी। प्रशासन में पारदर्शिता और कार्यकुशलता आएगी।
घर बैठे ऐसे मिलेगा सेवा का लाभ
प्राप्त जानकारी के मुताबिक 43 प्रकार की सेवाओं का घर बैठे लाभ उठाने की खातिर लोगों को 1076 नंबर पर कॉल करना पड़ेगा। इसके बाद व्यक्ति को अपनी सुविधा के मुताबिक समय देना होगा। आवेदक को फोन पर ही जरूरी दस्तावेज, फीस और अन्य शर्तों के बारे में जानकारी दी जाएगी। आवेदक को मोबाइल पर एक एसएमएस प्राप्त होगा। इसमें भी जरूरी दस्तावेज, तारीख और समय के बारे में जानकारी होगी। इसके बाद प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारी टैबलेट लेकर आवेदक के घर या दफ्तर जाएंगे। वहां कागजी प्रक्रिया पूरी करेगा। फीस जमा होगी। कर्मचारी आवेदक को फीस की रसीद भी देगा। इसके बाद सेवा का लाभ घर बैठे मिल जाएगा।













Click it and Unblock the Notifications