चंडीगढ़ में शिक्षण संस्थान 12 जनवरी तक बंद, रेस्टोरेंट और बैंक्वेंट हॉल 50 फीसदी क्षमता के साथ ही खुलेंगे
चंडीगढ़, जनवरी 02। देश में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने भी रविवार को नई पाबंदियों का ऐलान कर दिया है। प्रशासन ने सभी तरह के रेस्टोरेंट, होटल, कॉफी शॉप, मैरिज पैलेस और बैंक्वेंट हॉल को 50 फीसदी क्षमता के साथ खुलने की अनुमति दी है। यहां उन्हीं लोगों को अनुमति दी जाएगी, जो वैक्सीनेट होंगे।

यूनिवर्सिटी और कॉलेज 12 जनवरी तक बंद
इसके अलावा सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों (सरकारी या फिर निजी) को 12 जनवरी तक बंद कर दिया है। हालांकि शिक्षण संस्थानों के कर्मचारी पहले की तरह जाते रहेंगे। क्लासेस ऑनलाइन ही होंगी। चंडीगढ़ प्रशासन का ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
रविवार को सुखना झील रहेगी बंद
स्थानीय प्रशासन ने एक अन्य आदेश में कहा है कि रविवार को सुखना झील बंद रहेगी। सोमवार से शनिवार तक सुबह पांच बजे से नौ बजे तक और शाम छह बजे से आठ बजे तक सुखना झील में नौका विहार पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान उचित प्रोटोकॉल के साथ सुबह और शाम वॉक करने वाले विजिटर्स को अनुमति दी जाएगी।
चंडीगढ़ में कोरोना की स्थिति
आपको बता दें कि चंडीगढ़ में रविवार को कोरोना के 96 नए मरीज सामने आए, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया। चंडीगढ़ में कोरोना का पॉजिटिविटी रेट 5.50 फीसदी तक पहुंच गया है। चंडीगढ़ में कोरोना के कुल मरीजों की संख्या 66061 हो गई है। चंडीगढ़ में पिछले 24 घंटे के अंदर 1,744 सैंपल कलेक्ट किए गए, जिसमें से 96 मरीज पॉजिटिव निकले। चंडीगढ़ में शनिवार को कोरोना के 70 नए मरीज सामने आए थे, जो कि दूसरी लहर के वक्त जून महीने के बाद सबसे अधिक केस थे।












Click it and Unblock the Notifications