खुशखबरी! हरियाणा सरकार ने 28 फीसदी किया सरकारी कर्मचारियों का महंगाई भत्ता
कोरोना वायरस महामारी के बीच हरियाणा सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता यानि डीए (Dearness Allowance) 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने की घोषणा की है।
चंडीगढ़, 24 जुलाई। कोरोना वायरस महामारी के बीच हरियाणा सरकार ने राज्य कर्मचारियों को बड़ी खुशखबरी दी है। सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों का महंगाई भत्ता यानि डीए (Dearness Allowance) 17 फीसदी से बढ़ाकर 28 फीसदी करने की घोषणा की है। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2021 से लागू होगी। बढ़े हुए महंगाई भत्ते में एक जनवरी 2020, एक जुलाई 2020 और एक जनवरी 2021 को लंबित डीए की वृद्धि भी शामिल है।

राज्य सरकार के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। सरकार के इस फैसले से जहां राज्य के 2.85 लाख सरकारी कर्मचारियों और 2.62 लाख पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा। वहीं, इससे राजकोष पर हर महीने 210 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: कोरोना पर काबू पाने के लिए हरियाणा में 2 अगस्त तक बढ़ाया गया लॉकडाउन, यहां मिलेगी छूट
बता दें कि हाल ही में केंद्र सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते को बढ़ाकर 17 फीसदी से 28 फीसदी कर दिया था। पीएम मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट की मीटिंग में यह फैसला लिया गया था।
केंद्र सरकार ने कोरोना की वजह से डेढ़ साल से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत को रोक रखा था। अब यह बढ़ोतरी एक जुलाई 2021 से लागू होगी। हालांकि, कर्मचारियों और पेंशनरों को 18 महीने का एरियर देने पर फैसला नहीं लिया गया है।
मालूम हो कि महंगाई भत्ता वेतन का एक हिस्सा है। यह कर्मचारी के मूल वेतन का एक निश्चित फीसदी होता है। देश में महंगाई के असर को कम करने के लिए सरकार अपने कर्मचारियों को महंगाई भत्ते का भुगतान करती है। इसे समय-समय पर बढ़ाया जाता है। रिटायर कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलता है। महंगाई भत्ते यानी डीए की गणना के लिए सरकार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स पर आधारित महंगाई दर को आधार मानती है और इसके आधार पर हर दो साल में सरकारी कर्मचारियों का डीए संशोधित किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications