OMG! कांस्टेबल को धक्का मार 200 मीटर तक घसीटती गयी कार
चंडीगढ़। सड़क नियमों को न मानने वालों की कमी नहीं है। लेकिन चंडीगढ़ में एक युवक ने तो हद ही कर दी। घटना शहर के औद्योगिक इलाके की है। जहां एक अवरोधक पर वाहन को रोकने की कोशिश करने पर एक यातायात पुलिसकर्मी को कार की बोनट पर कथित रूप से 200 मीटर तक घसीटते हुए ले जाया गया।

पुलिस ने कहा कि घटना कल रात की है जब कांस्टेबल संदीप कुमार ने कार को रोकने की कोशिश की, क्योंकि कार में रंगीन शीशे लगाए गए थे। लेकिन कार को रोका नहीं गया बल्कि कार ने कांस्टेबल को टक्कर मार दी जिससे वह बोनट पर गिर गया। आरोपी ने कार नहीं रोकी और करीब 200 मीटर तक कार चलाता रहा और कार का पीछा करने की कोशिश कर रहे एक मोटरसाइकिल चालक को टक्कर मार दी। पुलिस ने कहा कि मोटरसाइकिल चालक को कोई चोट नहीं लगी।
पुलिस ने ये वाक्या देखा तो उस कार का पीछा किया और कार चालक तनविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि वाहन में दो सवार दो अन्य लोग गगनदीप सिंह और जितेंदर सिंह भागने में सफल रहे। पुलिस ने कहा कि तीनों पंजाब के फतेहगढ़ साहिब के सरहिंद के रहने वाले हैं।
उन्होंने कहा कि घायल पुलिसकर्मी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बतायी जा रही है। शहर में पिछले एक महीने के अंदर हुई यह दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले गत 10 अगस्त एक और यातायात पुलिसकर्मी को कार की बोनट पर घसीटा गया था।












Click it and Unblock the Notifications