पंजाब जेल पर हथियारबंद बदमाशों का हमला, सरगना समेत 6 को छुड़ा ले गए
हथियारों से लैस 10 बदमाशों ने हमला कर किया बड़ा जेलब्रेक। खालिस्तानी चीफ हरिमिंदर सिंह मिंटू समेत छह गैंगस्टर को छुड़ा ले गए।
नाभा। पंजाब के नाभा जेल पर 10 हथियारबंद लोगों ने हमला किया और खालिस्तानी संगठन के सरगना हरमिंदर सिंह मिंटू समेत छह गैंगस्टर्स को छुड़ा ले गए।

पुलिस यूनिफॉर्म में घुसे थे खालिस्तानी
अब तक मिली रिपोर्ट के अनुसार, हथियारों से लैस सभी 10 बदमाश पुलिस के यूनिफॉर्म में थे। उन्होंने नाभा जेल पर हमला किया और लगभग 100 राउंड की अंधाधुंध फायरिंग की। पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और इस बड़े जेलब्रेक की जांच जारी है। पंजाब के डीजीपी ने कहा है कि जेलब्रेक में छह अपराधी फरार हुए हैं।
खालिस्तीनी सरगना समेत 5 गैंगस्टर्स को छुड़ाया
हमलावरों ने जेल तोड़कर खालिस्तान लिबरेशन फोर्स के चीफ हरमिंदर सिंह मिंटू के साथ गैंगस्टर गुरप्रीत सिंह, विकी गोंडर, नितिन देओल और विक्रमजीत सिंह विकी को छुड़ा लिया।
जेलब्रेक के बाद पंजाब में हाई अलर्ट
इस बड़े जेलब्रेक में छह खूंखार अपराधी भाग गए हैं। पंजाब में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। हमलावरों की फायरिंग में हवलदार जगमीत सिंह और अवतार सिंह के घायल होने की खबर है। बदमाश हवलदार जसविंदर सिंह की एसएलआर भी छीन ले गए।
बहुत सुनियोजित था यह हमला?
जेलब्रेक की घटना सुबह करीब 8 बजे हुई। 10 हथियारबंद लोग पुलिस की वर्दी में आए। वो इस तरीके से आए थे जैसे लग रहा था कि वो कैदियों को अदालत ले जाने के लिए आए हैं।
वो झांसा देकर जेल में घुस गए और अंधाधुंध फायरिंग कर इस जेलब्रेक को अंजाम दिया। नाभा जेल हाई सिक्योरिटी जेल है लेकिन यहां से छह खूंखार अपराधी फरार हो गए। इस मामले की तफ्तीश की जा रही है कि आखिर यह कैसे हो गया?












Click it and Unblock the Notifications