भाजपा भगवान राम की नहीं हुई, वह देश की जनता की कैसे हो सकती है: हार्दिक
Chandauli News, चंदौली। लोकसभा चुनाव 2019 का आखिरी यानी कि सातवां चरण का चुनाव अभी बाकी है। भाजपा से लेकर कांग्रेस और सपा-बसपा गठबंधन के दिग्गज नेता पूर्वाचंल में जनता को अपनी ओर खींचने की कोशिश में लग गए हुए हैं। वहीं, कांग्रेस समर्थित जन अधिकार पार्टी भी किसी से पीछे नहीं है। गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल ने जनअधिकार पार्टी प्रत्याशी शिवकन्या के समर्थन में चंदौली जिले में एक जनसभा को संबोधित किया, यहां उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला।

कांग्रेस के स्टार प्रचारक हार्दिक पटेल ने चंदौली में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा की मोदी सरकार को सभी मोर्चों पर फेल होने वाली सरकार बताया। इस दौरान हार्दिक ने बीजेपी की तुलना सांप से करते हुए कहा कि हमने गुजरात में नागपंचमी पर नागों को दूध पिलाया, लेकिन उन्होंने हमे ही डंसने का काम किया। कहा कि गुजरात में आरक्षण का हक मांगने पर ओबीसी के लोगों पर गोली चलवाई गईं, इसमें 17 लोगों की जान चली गई। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र में 22 लाख और प्रदेश में डेढ़ लाख सरकारी नौकरियों के पद खाली होते हुए भी उन्हें अभी तक भरा नहीं गया है। जो पार्टी भगवान राम की नहीं हुई वह देश की जनता की कैसे हो सकती है।
हार्दिक पटेल ने पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत की सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाया। हार्दिक ने कहा कि पाकिस्तान में खाली जगह बम फोड़ने से खाली पेट नहीं भरेगा। जैसे हमने गोरों से आजादी पाई है वैसे ही काले गोरों से आजादी वापस लेनी होगी। हार्दिक ने कहा कि अगर बीजेपी चुनाव जीत गई तो 2019 के बाद कभी चुनाव नहीं होगा। नरेंद्र मोदी ने मेरे गुजरात को बर्बाद किया है यूपी को बर्बाद मत कीजिए। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर यूपी में खाली पड़े डेढ़ लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा।
ये भी पढ़ें:- चंदौली सीट पर क्या हैं जीत-हार के पुराने सियासी आंकड़े












Click it and Unblock the Notifications