Chandauli News: जंगली जानवरों ने कई लोगों को बनाया निशाना, दहशत में ग्रामीण, वनकर्मी तैनात
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में भेड़िए द्वारा लगातार हमले किए जाने की खबर सामने आ रही है। वन विभाग के अधिकारी कई दिन से भेड़िए को पकड़ने के लिए प्रयासरत हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों से भी जंगली जानवरों की हमले की सूचना आ रही है।
बहराइच के अलावा सीतापुर, लखीमपुर खीरी, सुल्तानपुर के बाद अब चंदौली जनपद में भी जंगली जानवर द्वारा ग्रामीण पर हमला किया गया है। चंदौली जनपद में जंगली जानवर ने आठ लोगों पर हमला करके घायल कर दिया है।

जंगली जानवर द्वारा हमले किए जाने की जानकारी मिलने के बाद इलाके के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी भी गांव में पहुंचे। अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों से पूछताछ करने के साथ ही सर्च अभियान भी चलाया गया।
अधिकारियों का कहना है कि ग्रामीणों के ऊपर किसी जंगली जानवर ने हमला किया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। किसी भी जानवर के पगचिन्ह नहीं मिले हैं ऐसे में अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि किस जानवर ने हमला किया है।
चकिया के कई इलाकों में तैनात किए गए वनकर्मी
दरअसल, चंदौली जनपद के चकिया इलाके के शिकारगंज, दाउदपुर में रात्रि में ग्रामीण सो रहे थे। सोते समय जंगली जानवर द्वारा उनके ऊपर हमला कर दिया गया। जंगली जानवर द्वारा काटे जाने के बाद सो रहे लोग चिल्लाने लगे।
इस मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी गांव में पहुंचे। घायल ग्रामीणों से बात करने के साथ ही गांव में वन कर्मियों की टीम तैनात कर दी गई है। अलग-अलग शिफ्ट में वनकर्मी ड्यूटी कर रहे हैं।
इसके अलावा वन विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। डीएफओ दिलीप कुमार द्वारा बताया गया कि कुछ ग्रामीणों के ऊपर जंगली जानवर द्वारा हमला किए जाने की जानकारी मिली थी।
जानकारी मिलने के बाद गांव में जांच पड़ताल की गई और सर्च ऑपरेशन चला कर जानवर की कोई भी की गई लेकिन जानवर के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। उन्होंने कहा है कि ग्रामीणों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है।
जंगली जानवर द्वारा हमले किए जाने या फिर किसी प्रकार के मदद की आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीण हेल्पलाइन नंबर 7839435099, 7985764136, 8009690009, 6306276292 और 8115848484 पर फोन कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications