जानिए, कब ATM से भी मिलने लगेंगे 200 रुपए के नए नोट
नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक ने 200 रुपए का नोट लॉन्च कर दिया है। यह नोट बैंकों तक तो पहुंच चुका है, लेकिन एटीएम से अभी भी यह नोट नहीं निकल रहा है। लोग इंतजार कर रहे हैं कि आखिर कब यह नोट एटीएम में आएगा। आइए जानते हैं कब तक आएगा 200 का नोट एटीएम में और क्यों इसके आने में हो रही है देरी।

3 महीने बाद आएगा एटीएम में
एटीएम निर्माता कंपनी एजीएस ट्रांजेक्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के चेयरमैन और एमडी रवि बी गोयल के अनुसार 200 रुपए के नोटों को एटीएम में आने में करीब 90 दिन यानी 3 महीने का समय लग सकता है। उन्होंने बताया है कि इस दौरान एटीएम बंद नहीं होंगे और काम भी चलता रहेगा। अभी आरबीआई ने भी एटीएम को रीकैलिबरेट करने के कोई निर्देश नहीं दिए हैं, निर्देश मिलने के बाद ही एटीएम मशीनों को 200 रुपए के हिसाब से कैलिबरेट करने का काम शुरू होगा।

क्यों हो रही है देरी?
एक एटीएम में 3-4 तरह की कैसेट होती हैं, जो अलग-अलग आकारों के नोटों को संभालने के लिए होती हैं। 200 रुपए के नोट के आकार के हिसाब से अभी उन्हें कैलिबरेट नहीं किया गया है और इसमें अभी थोड़ा वक्त लगेगा। आपको बता दें कि मौजूदा समय में एटीएम से 100, 500 और 2000 रुपए के नोट निकलते हैं। 200 के नोट का आकार अन्य सभी नोटों से अलग है। न तो यह 100 और 500 के नोट से मेल खाता है, ना ही 2000 रुपए के नोट से। अब 200 के नोट को एटीएम निर्माताओं को दिया जाएगा, जिसके बाद वह नए नोट के हिसाब से एटीएम को कैलिबरेट करेंगे और फिर इंजीनियर द्वारा यह काम पूरा किया जाएगा। इसके बाद आप 200 रुपए के नोट एटीएम से भी प्राप्त कर सकेंगे।

खास है 200 का नोट
ऐसा पहली बार है जब भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से 200 का नोट जारी किया गया है। इस नए नोट पर गवर्नर ऊर्जित आर पटेल के हस्ताक्षर हैं। इस नोट में दो खास बातें हैं। पहला तो ये कि यह नोट चटक पीले रंग (Bright Yellow) का होगा और दूसरा ये कि इस नोट के पिछले हिस्से में सांची स्तूप की आकृति बनी होगी। आइए जानते हैं इस नोट की खास बातें।












Click it and Unblock the Notifications