आपको भी आया है आयकर विभाग का नोटिस, जानिए अब क्या करें
नई दिल्ली। क्या आपको भी आयकर विभाग की तरफ से टैक्स रिटर्न को लेकर कोई नोटिस भेजा गया है? अगर ऐसा है तो आपको परेशान होने की कोई जरूरत नहीं है। एक्सपर्ट्स की मानें तो इस साल आयकर विभाग की तरफ से करीब 8000 स्क्रूटनी नोटिस भेजे गए हैं और अभी 30 सितंबर तक नोटिस भेजने की ये प्रक्रिया जारी रहेगी। आपको बता दें कि पिछले साल अप्रैल से सितंबर के बीच में आयकर विभाग ने करीब 40 हजार नोटिस भेजे थे।

नोटिस मिलने पर क्या करें?
अगर आपको नोटिस मिलता है तो आपके पास उस नोटिस का जवाब देने का विकल्प होता है। करदाता को ये जवाब देने के लिए कहीं जाने की भी जरूरत नहीं होती है। नोटिस में पूछे गए सवालों के जवाब आप 'माई अकाउंट' से भी दे सकते हैं। यह वही अकाउंट होता है जो टैक्स रिटर्न फाइल करते समय बनता है। यहां पर न सिर्फ आप सवालों के जवाब दे सकते हैं, बल्कि उसके साथ डॉक्युमेंट भी अटैच कर सकते हैं। इसके लिए आपको किसी आयकर विभाग के अधिकारी से मिलने की जरूरत भी नहीं है।
नहीं होगी कार्रवाई
पहले अगर किसी को आयकर विभाग का नोटिस आता था तो वह डर जाता था कि अब उसके खिलाफ कार्रवाई होगी, लेकिन अब स्थिति काफी बदल चुकी है। आयकर विभाग के चीफ कमिश्नर पीसी मोडी ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि गलत रिटर्न फाइल करने वालों पर कार्रवाई होगी, लेकिन जिसे भी नोटिस मिलता है वह सफाई दे सकता है और अगर सब कुछ सही पाया गया तो उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी।












Click it and Unblock the Notifications