पेट्रोल से लेकर LPG, ट्रेन से लेकर फ्लाइट तक, अनलॉक 1 के पहले दिन से बदले ये नियम
नई दिल्ली। कोरोना वायरस के कारण एक बार फिर से लॉकडाउन को बढ़ा दिया गया है। अब 30 जून तक देश भर में लॉकडाउन जारी है। हालांकि केंद्र सरकार ने इस हार लॉकडाउन में कई छूट दिए हैं। सरकार ने इसे लॉकडाउन 5 के बजाए अनलॉक 1( Unlock 1) का नाम दिया है। 1 जून 2020 से लेकर 30 जून तक देश में अनलॉक 1 का फेज जारी है। अनलॉक के पहले ही दिन से देश में बहुत कुछ बदल गया है। आम से लेकर खास तक पर ये प्रभाव पड़ना है। आज से कई मौजूदा नियमों में बदलाव हो गए हैं। वहीं 1 जून से देश लॉकडाउन से अनलॉक की ओर बढ़ना शुरू हो गया है। इन बदले हुए नियमों का आप पर प्रभाव पड़ना है इसलिए इसके बारे में जानना भी जरूरी है।
Recommended Video

डबल झटका-महंगा हो गया पेट्रोल-डीजल
आज 1 जून ने Unlock 1 के पहले ही दिन लोगों को डबल झटका लगा है। सोमवार को सुबह पेट्रोल-डीजल के दाम में बढ़ोतरी हुई। अनलॉक 1 के पहले दिन चार राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमत में बढ़ोतरी हुई। महाराष्ट्र में पेट्रोल-डीजल की कीमत में आज से 2 रुपए की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मुंबई में आज पेट्रोल की कीमत 76.31 रुपए और डीजल 68.21 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया। महाराष्ट्र सरकार ने पेट्रोल पर सेस 8.12 रुपए से बढ़ाकर 10.12 रुपए प्रति लीटर कर लिया। वहीं डीजल पर सेस 1 रुपए से बढ़ाकर 3 रुपए कर दिया। महाराष्ट के अलावा मिजोरम में पेट्रोल 2.5 फीसदी और डीजल 5 पर 5 फीसदी वैट बढ़ाया गया। जम्मू कश्मीर सरकार ने पेट्रोल 2 रुपए और डीजल 1 रुपए महंगा कर दिया। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल महंगा कर दिया।

110 रुपए महंगा हुआ LPG सिलेंडर
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत बढ़ने के बाद आज 1 जून से LPG सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर दी गई है। देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर का रिटेल प्राइस बढ़ा दिया है। 1 जून से 14.2 किलोग्राम वाले बिना सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 593 रुपए पर पहुंच गई है, जो कि अब तक 581.50 रुपए थी। वहीं 19 किलो वाले LPG सिलेंडर की कीमत 1139.50 रुपए पर पहुंच गई है। यानी 19 किलो वाले सिलेंडर का दाम 110 रुपए महंगा हो गया है। कोलकाता में अब 14.2 किलो वाली एलपीजी सिलेंडर के दाम 616 रुपए हो गई है। मुबंई में अब सिलेंडर 590.50 रुपए में मिलेगा, जबकि चेन्नई में 606.50 रुपए इसकी नई कीमत हो गई है।

आज से पूरे देश में एक राशन कार्ड
1 जून से पूरे देश में 'एक देश एक राशन कार्ड' की शुरुआत हो गई है। पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी योजना 'one Nation One Ration Card' योजना की शुरुआत आज से हो गई है। आज से 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में एक ही राशन कार्ड चलेगा। इन में आंध्र प्रदेश, गोवा, गुजरात, झारखंड, बिहार, हरियाणा, केरल, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश , महाराष्ट्र, राजस्थान, तेलंगाना, त्रिपुरा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, दादरा एवं नगर हवेली, ओडिशा, मिजोरम और नगालैंड शामिल है, जहां आज से एक राशन कार्ड चलेगा। इस सरकारी योजना के लागू होने के बाद देशभर में एक राशन कार्ड लागू हो जाएगा। लोग किसी भी प्रदेश में अपने राशन कार्ड से सरकारी अनाज और राशन ले सकते हैं। इस सरकारी योजना से बड़ी संख्या में गरीब वर्ग और प्रवासियों को लाभ होगा, जो दूसरे राज्यों में कामकाज के लिए चले जाते हैं।

शुरू हुई 200 नई ट्रेनें
आज से देशभर में 200 नई ट्रेन चलने लगी है। श्रमिक स्पेशल ट्रेनों और 30 स्पेशल एसी ट्रेनों के अलावा आज से देशभर के अलग-अलग हिस्सों में 200 नई ट्रेनें चलने लगी है। जिसके लिए टाइम टेबल जारी कर दिया गया है। वहीं रेलवे ने 1 जून से चलने वाली इन ट्रेनों के लिए नई यात्री गाइडलाइंस जारी की है। इन गाइडलाइन को सफर करने वाले हर यात्री को मानना होगा।

आज गो एयर की विमान भरेगी उड़ान
गोएयर की घरेलू उड़ान सेवा आज से बहाल हो गई है। घरेलू विमान सेवाएं 25 मई से शुरू हो गई हैं, लेकिन Go Air ने 1 जीन से सेवा शुरू करने की बात कही और आज से अपनी सेवा शुरू कर दी है। विमान कंपनी ने कहा है कि हर 24 घंटे में पूर्ण सेनेटाइजेशन अनिवार्य के साथ वो अपनी सर्विस शुरू कर रहे हैं।

आज से खुलेंगे मंदिर
आज से पश्चिम बंगाल ने धार्मिक स्थलों को खोल दिया गया है। पश्चिम बंगाल में 1 जून से सभी मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च आदि धार्मिक स्थल खोल दिए गए हैं। हालांकि यहां एक बार में 10 से ज्यादा लोगों को जमा होने की अनुमति नहीं होगी। वहीं आज से बंगाल में रेस्टोरेंट और शॉपिंग मॉल को भी खोल दिया गया है।

आज से खुले ट्यूरिस्ट प्लेस
आज से राजस्थान सरकार से पर्यटन स्थलों को खोल दिया है। सरकार ने शुरुआती दो हफ्तों तक इसे पूरी तरह से फ्री रखा है। आप यहां बिना किसी शुल्क के घूम सकते हैं। वहीं तीसरे हफ्ते से प्रवेश शुल्क आधा लिया जाएगा। 1 जून से शुरू होने वाले पहले सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को ये पर्यटक स्थल खुलेंगे।

शुरू हुई बस सर्विस
आज से हिमाचल सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने रोडवेज की बसों की शुरुआत कर दी है। इन बसों में सख्त गाइडलाइन का पालन किया जाएगा। वहीं कर्नाटक और तमिलनाडु में भी बसें चलेंगे, लेकिन कंडेंमेंट जोन में प्रवेश नहीं करेंगी। यूपी सरकार और हिमाचल सरकार ने कहा है कि बसों में यात्रियों की संख्या क्षमता से 60 फीसदी ही होगी और बसों का संचालन 7 बजे सुबह से 7 बजे शाम तक होगा।












Click it and Unblock the Notifications