जियो को सीधी टक्कर, 149 रुपए में BSNL से किसी भी नेटवर्क पर करें मुफ्त में कॉल
बीएसएनएल 149 रुपए का एक प्लान लाने वाली है, जिसमें आप किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त में कॉल कर सकेंगे।
नई दिल्ली। जहां एक ओर रिलायंस जियो ने अपनी मुफ्त सेवाओं को मार्च 2017 तक के लिए बढ़ा दिया है, वहीं दूसरी ओर अन्य टेलिकॉम कंपनियां भी जियो को टक्कर देने के लिए एक से बढ़कर एक प्लान लेकर आ रही हैं।

इसी क्रम में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) भी 1 जनवरी से एक खास प्लान लाने वाली है, जो रिलायंस जियो की नाक में दम कर सकता है। कंपनी अपने ग्राहकों के लिए किसी भी नेटवर्क पर कॉल करने के लिए एक ऐसा प्लान ला रही है जो रिलायंस जियो जितना सस्ता होगा।
क्या है प्लान
बीएसएनएल 149 रुपए का एक प्लान लाने वाली है, जिसमें आप किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त में कॉल कर सकेंगे। इतना ही नहीं, बीएसएनएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनुपम श्रीवास्तव ने कहा है कि कंपनी इस प्लान में ग्राहकों को कुछ डेटा भी मुहैया कराएगी।
श्रीवास्तव ने कहा है कि हमने ग्राहकों को अगले महीने से 149 रुपए या इससे भी कम कीमत में टैरिफ प्लान देने की योजना बनाई है, जिसके तहत किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त में कॉल तो की ही जा सकेगी, साथ ही कुछ डेटा का भी लाभ उठा सकेंगे।
जियो को टक्कर
रिलायंस जियो का सबसे सस्ता प्लान भी 149 रुपए का है, जिसमें किसी भी नेटवर्क पर मुफ्त कॉल के साथ-साथ 300 एमबी डेटा दिया जा रहा है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि बीएसएनएल का यह प्लान रिलायंस जियो को सीधी टक्कर देगा।
कभी नबंर-1 थी बीएसएनएल
श्रीवास्तव ने कहा कि कभी बीएसएनएल टेलिकॉम क्षेत्र में पहले नंबर पर था, लेकिन फिर खिसकते हुए छठे नंबर पर आ गया। उन्होंने कहा कि कंपनी की तरफ से फ्री रोमिंग की सुविधा के बाद कंपनी को काफी फायदा हुआ और कंपनी दो पायदान चढ़कर चौथे नंबर पर आ गई।












Click it and Unblock the Notifications