एयरटेल ने ग्राहकों को बिना बताए खोल दिए पेमेंट बैंक में खाते, आधार एक्ट का उल्लंघन करने पर जांच के आदेश
नई दिल्ली। आधार एक्ट के कथित उल्लंघन के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यानी यूआईडीएआई ने भारती एयरटेल के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं। कंपनी पर आरोप लगाया गया है कि ग्राहकों के मोबाइल नंबर का आधार वेरिफिकेशन के दौरान बिना उन्हें बताए ही कंपनी ने चुपके से एयरटेल पेमेंट बैंक में खाते खोल दिए। यूआईडीएआई ने यह भी धमकी दी है कि वह इस कथित उल्लंघन के लिए भारती एयरटेल पर जुर्माना लगाएगा। एक अधिकारी के अनुसार यह बहुत ही गंभीर गलती है, इसीलिए एयरटेल के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।

अधिकारी के अनुसार यह विश्वास और अनुबंध का आपराधिक उल्लंघन तो है ही, साथ ही, आधार एक्ट के प्रावधानों का भी उल्लंघन है। इसका पता तब चला जब एयरटेल के कुछ ग्राहकों की एलपीजी सब्सिडी उनके बैंक खातों की जगह पेमेंट बैंक खातों में जाने लगी। कई ग्राहकों ने इसके बाद शिकायत भी की और कहा कि उन्हें खुद भी यह नहीं पता कि उनका एयरटेल पेमेंट बैंक में खाता कैसे खुल गया।
यूआईडीएआई के सीईओ अजय भूषण पांडे ने कहा कि आधार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया के दौरान कुछ खास टेलिकॉम कंपनियों के खिलाफ गड़बड़ी की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने बताया कि इसकी जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं। अगर जांच के बाद पता चला कि यह शिकायतें सही हैं तो फिर यह एक गंभीर मामला होगा। वह बोले कि जांच चल रही है और जल्द ही हम इस मामले में भी फैसला लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications