बाजार में आए दो तरह के 500 के नोट, लोग हो रहे कन्फ्यूज
सिर्फ दो हफ्तों में अंदर ही भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी किए गए 500 के नए नोटों में अंतर दिख रहे हैं, जो लोगों के बीच में संदेह की स्थिति पैदा कर रहे हैं।
बेंगलुरु। मोदी सरकार ने 9 नवंबर से सभी 500 और 1000 रुपए के पुराने नोट बैन कर दिए हैं और अब उनके बदले नए 500 और 2000 रुपए के नोट जारी किए गए हैं। हालांकि, सिर्फ दो हफ्तों में अंदर ही भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी किए गए 500 के नए नोटों में अंतर दिख रहे हैं, जो लोगों के बीच में संदेह की स्थिति पैदा कर रहे हैं।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार उन्हें 3 ऐसे केस दिखे हैं, जिनमें नोटों के फीचर में कुछ अंतर देखने को मिले हैं। दिल्ली के निवासी अबशार ने बताया कि इस नोट में गांधी जी के चेहरे के एक से अधिक शैडो दिखाई देते हैं। इसके अलावा अशोक स्तम्भ के अलाइंगमेंट और सीरियल नंबरों में भी कुछ गड़बड़ी दिखी है।
वहीं गुरुग्राम के रहने वाले रेहान शाह को नोटों की किनारी का आकार अलग-अलग दिखा है। इसके अलावा मुंबई के एक शख्स ने 2000 रुपए को अलग-अलग रंग के नोट दिखाए हैं, जिसमें एक का शेड हल्का है और दूसरे का शेड गाढ़ा।
जब इस बारे में भारतीय रिजर्व बैंक को बताया गया तो आरबीआई की प्रवक्ता अल्पना किलावाला ने कहा- ऐसा लगता है कि जल्दबाजी में ऐसे नोट भी सर्कुलेशन में आ गए हैं, जिनमें कुछ गड़बड़ियां थीं। उन्होंने कहा कि बावजूद इसके लोग इन नोटों का इस्तेमाल बिना किसी हिचकिचाहट के लेन-देन में कर सकते हैं। अगर इसके बाद भी लोगों को कोई गड़बड़ी लगती है तो वे इन नोटों को रिजर्व बैंक को लौटा सकते हैं।
वहीं दूसरी ओर विशेषज्ञों का मानना है कि नोटों में अंतर होने की वजह से बाजार में नकील नोटों को चलाने में अपराधियों को आसानी हो सकती है। कई सालों तक आपराधिक मामलों को संभालने वाले एक आईपीएस अधिकारी ने बताया कि लोगों को नोटों पर सारे फीचर समझने में दिक्कत होती है।
अधिकतर लोग नोट लेने से पहले नोट के फीचर्स की एक-एक चीज चेक नहीं कर पाते हैं। ऐसे में अगर सर्कुलेशन में नकली नोट आ जाएंगे तो नोटों में अंतर के चलते लोग असली और नकली में फर्क नहीं कर पाएंगे और नकली नोट बड़ी आसानी से चलाए जा सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications