Jio Phone: ये हैं फोन की 4 बड़ी खामियां, खरीदने से पहले पढ़ लें
रिलायंस जियो के जियो फोन को पाने के लिए रिलायंस के स्टोर्स में भीड़ लगना शुरू हो गई है। फोन की लॉन्चिंग से लेकर अब तक इसे लेकर लोगों को उत्साह कम नहीं हुआ है।
Recommended Video

Jio Phone - नई दिल्ली। रिलायंस जियो के जियो फोन को पाने के लिए रिलायंस के स्टोर्स में भीड़ लगना शुरू हो गई है। फोन की लॉन्चिंग से लेकर अब तक इसे लेकर लोगों को उत्साह कम नहीं हुआ है। पहली बार की 3 दिन की बुकिंग में करीब 6 लाख फोन बुक हुए थे और लोग दूसरी बार बुकिंग शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस फोन को बहुत से लोगों ने सही जानकारी के बिना ही बुक कर दिया। बहुत से लोगों ने सिर्फ यही सुनकर इस फोन को बुक कर दिया कि यह मुफ्त में मिल रहा है। जैसे ही इसकी लॉन्चिंग के दौरान मुकेश अंबानी ने घोषणा की कि जियो फोन को खरीदने के लिए 1500 रुपए देने होंगे, जो तीन साल में आपको वापस मिल जाएंगे, वैसे ही लोगों ने इसे खरीदने का मन बना लिया। हालांकि, अब जब यह फोन लोगों के हाथ में आने लगा है तो इसकी कई कमियां भी सामने आ रही हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।

कोई ऐप नहीं कर सकते डाउनलोड
जियो का यह फोन भले ही आपको प्रभावी रूप से मुफ्त में मिले, लेकिन इसकी आपको बड़ी कीमत चुकानी होगी। आप सोच रहे होंगे कि आखिर कैसे आपको इसकी अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। दरअसल, इस फोन में आप कोई ऐप डाउनलोड नहीं कर सकते हैं। ऐसे में भले ही आप फोन करने के लिए जियो फोन का इस्तेमाल करें, लेकिन कई जरूरी ऐप के लिए आपको एक दूसरे एंड्रॉयड या विंडोज मोबाइल की कमी खलेगी। इस फोन में वाट्सऐप, फेसबुक, यूट्यूब, आईआरसीटीसी, ट्विटर, जीमेल, मैसेंजर, कोई बैंकिंग ऐप या फिर कोई फोटो एडिटिंग ऐप को आप डाउनलोड नहीं कर सकेंगे। जियो फोन में जो ऐप हैं, आप सिर्फ उन्हीं का इस्तेमाल कर सकते हैं।

टीवी केबल के लगेंगे अतिरिक्त पैसे
जिस समय जियो फोन लॉन्च हुआ था, उस समय इसका सबसे बड़ा फीचर जो लोगों को अच्छा लगा था, वह था टीवी से कनेक्ट कर के लाइव टीवी देखने का। लोगों को शुरुआत में लगा था कि जियो फोन के साथ यह केबल भी मिलेगी, लेकिन धीरे-धीरे लोगों को यह समझ आया कि यह केबल अलग से खरीदनी होगी। इसकी कीमत करीब 1500-2000 रुपए तक हो सकती है। हालांकि, अभी भी अधिकतर लोग यही समझ रहे हैं कि यह केबल साथ में ही मिलेगी और यही सोच कर फोन बुक करने के लिए बुकिंग दोबरा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।

लाइव टीवी देखने में हो रही ये दिक्कत
भले ही कंपनी ने जियो फोन को 'छोटे पैकेट में बड़ा धमाका' बनाकर लॉन्च किया हो, लेकिन जियो फोन में लाइव टीवी खासकर न्यूज देखने में आपको दिक्कत हो सकती है। यह सब फोन की छोटी स्क्रीन की वजह से है। स्क्रीन छोटी होने की वजह से लाइव टीवी (न्यूज) के दौरान अगर स्क्रीन पर कुछ लिखा हुआ आ रहा है, तो उसे पढ़ने में बहुत अधिक दिक्कत रही है और साथ ही फोन को अपनी आंखों के बेहद नजदीक रखना पड़ रहा है।

टचस्क्रीन मोबाइल इस्तेमाल करने वालो होंगे अधिक परेशान
यूं तो यह बात कंपनी ने पहले ही साफ कर दी थी कि यह फोन स्क्रीन टच नहीं होगा, लेकिन इसके बावजूद बहुत से लोगों ने उत्साह में यह फोन बुक कर दिया। टचस्क्रीन में आपको जिस भी विकल्प पर क्लिक करना होता है, उस पर आप तुरंत क्लिक कर लेते हैं, लेकिन इस फोन में आपको कीपैड के जरिए एक-एक करके अपने विकल्प तक पहुंचना होगा, जिसमें समय लगेगा। साथ ही, अगर आप चैटिंग की बात करें तो भी आपको दिक्कत हो सकती है। जियो फोन का कीपैड सामान्य है, ना कि QWERTY कीपैड। इसकी वजह से आपको कुछ अक्षर लिखने के लिए एक ही बटन को कई बार दबाना होगा, जो चैटिंग में दिक्कत करेगा। जैसे 'S' लिखने के लिए आपको '7' नंबर के बटन को चार बार दबाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications