Layoffs: भारत में ताश की गड्डी की तरह बिखरे स्टार्टअप्स, छंटनी की आंधी में हजारों लोग हुए बेरोजगार
Indian Startups layoffs: 2022 में दुनियाभर की 1052 कंपनियों में 1,61,411 कर्मचारियों की नौकरी छिनी थी। साल 2023 में 527 कंपनियों में से 1,53,548 लोगों को नौकरी जा चुकी है। भारत में यह आंकड़ा 36 हजार के पार चला गया है।

Image: Oneindia
2022 से ही दुनिया भर की कंपनियों में छंटनी शुरू हुई थी जो 2023 में भी बदस्तूर जारी है। भारत में भी आर्थिक संकट का असर साफ देखा जा सकता है। पिछले कुछ महीनों में दिग्गज कंपनियों में हुई ताबड़तोड़ छंटनी के कारण भारत में हजारों लोग बेरोजगार हुए हैं। उद्योग जगत पर नजर रखने वाले लोगों का मानना है कि जैसे-जैसे वैश्विक आर्थिक मंदी बिगड़ती जा रही है, कई भारतीय स्टार्टअप पर इसका गहरा असर पर रहा है।
36 हजार से अधिक बेरोजगार
हाल की रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि भारत में पिछले कुछ महीनों में दिग्गज कंपनियों में हुई ताबड़तोड़ छंटनी के कारण भारत में कम से कम 36,400 लोग बेरोजगार हुए हैं। इनमें से अधिकांश नौकरी स्टार्टअप से जुड़ी थीं। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत में कम से कम 82 स्टार्टअप्स ने 23,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की है, और यह संख्या लगातार बढ़ती ही जा रही है। टेक सेक्टर में हो रही छंटनी पर नजर रखने वाली वेबसाइट layoff.fyi.के रिपोर्ट के मुताबिक कई स्टार्टअप कंपनियों ने तो अपने 100 फीसदी कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। इसमें Lido Learning, SuperLearn और GoNuts जैसी कंपनियों के नाम शामिल हैं।
layoff.fyi. के मुताबिक कुछ कंपनियों ने अपने 70 से 75 फीसदी तक के वर्कफोर्स की छंटनी की है। इसमें GoMechanic, PhableCare और MFine जैसी कंपनियां हैं। कोरोनाकाल में डिस्टेंस एजुकेशन ऐप में जबरदस्त बूम देखने को मिला था। जैसे-जैसे कोरोना संकट खत्म हुआ, वैसे-वैसी इन कंपनियों में छंटनी शुरू होती गई। शाहरुख खान और लियोनेल मेसी जैसे ब्रांड एम्बेस्डर से प्रचार कराने वाली ई-लर्निंग ऐप Byju's में सबसे अधिक छंटनी हुई है। Byju's की प्रतिद्वंदी कंपनी Unacademy में भी बंपर छंटनी हुई है। एक रिपोर्ट के मुताबिक यहां 1,500 लोगों का रोजगार खत्म हुआ है।
Inc42 की एक रिपोर्ट के अनुसार, चार यूनिकॉर्न सहित 19 एड-टेक स्टार्टअप्स ने अकेले 8,460 से अधिक कर्मचारियों को बर्खास्त किया है। इनमें BYJU'S, Ola, OYO, Meesho, MPL, LivSpace, Innovaccer, Udaan, Unacademy और वेदांतु जैसे स्टार्टअप शामिल हैं। इसके अलावा ओयो ने 600 लोगों की छंटनी की है। स्विगी ने 630 लोगों को नौकरी से निकाला है। शेयर चैट के 600 लोग बेरोजगार हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications