आपकी उम्मीद से भी सस्ती EV कार लाने वाली है टाटा मोटर्स, कंपनी ने किया बड़ा ऐलान
नई दिल्ली, 09 सितंबर। जिस तरह से इलेक्ट्रिक वेहिकल्स की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है उसकी वजह से हर कोई ईवी कार खरीदना चाहता है। लेकिन ईवी कार खरीदने में इस वक्त सबसे बड़ी बाधा है उसकी कीमतें। ईवी कार सामान्य कार की तुलना में काफी महंगी है, यही वजह है कि लोग अभी ईवी कार खरीदने से बच रहे हैं। लोग इंतजार कर रहे हैं कि जब ईवी कार की कीमतें कम होंगी और इससे जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर होंगे तो वह ईवी कार खरीदेंगे। खुद सरकार भी ईवी कार को आगे बढ़ाने में हर संभव मदद कर रही है। ऐसे में जो लोग सस्ती ईवी कार का इंतजार कर रहे हैं उनका इंतजार जल्द खत्म होने वाला है।

उम्मीद से भी कम होगी कीमत
दरअसल टाटा मोटर्स जल्द ही छोटी यानि हैचबैक ईवी कार कार लॉन्च करने जा रही है और बड़ी बात यह है कि इसकी कीमतें उम्ंमीद से भी कहीं ज्यादा कम होंगी। रिपोर्ट की मानें तो टाटा 12.50 लाख से कम कीमत वाली ईवी कार लाने जा रहा है। कंपनी के एमडी शैलेश चंद्रा ने बताया कि टाटा मोटर्स जल्द ही सस्ती ईवी कार लॉन्च करने जा रही है। यह कार टिगोर से भी सस्ती होगी। बता दें कि टिगोर ईवी की शुरुआती कीम 12.5 लाख रुपए है। टिगोर मिनी सिडान सेगमेंट में आती है लेकिन टाटा अब छोटी यानि हैचबैक ईवी कार लाने की तैयारी में है।

50 हजार ईवी का लक्ष्य
शैलेश चंद्रा ने बताया कि हैचबैक ईवी की कीमत टिगोर की कीमत से भी कहीं ज्यादा कम होगी। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य है कि वित्त वर्ष 2023 तक 50 हजार ईवी की बिक्री की जाए। ईवी इंडस्ट्री की ग्रोथ के बारे में एमडी ने कहा कि वित्त वर्ष 2019 में ईवी कारों का बाजार सिर्फ 2000 कार का था, लेकिन उसके बाद से तीन साल के भीतर यह तीन गुना बढ़ गई है। इस इंडस्ट्री में पहले ही 20 हजार ईवी कारों की बिक्री हो गई है। इस वित्त वर्ष में ईवी कारों की बिक्री 50 हजार को भी पार कर जाएगी।

फोर्ड मोटर के प्लांट का करेंगे इस्तेमाल
चंद्रा ने बताया कि कंपनी ने अभी तक 17 हजार ईवी कारें बेच दी हैं और हमारा लक्ष्य अगले साल तक इसे 50 हजार तक पहुंचाना है। हम इस योजना पर काम कर रहे हैं। हम सानंद स्थित फोर्ड प्लांट का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहे हैं, जहां रीटूलिंग का काम किया जाएगा, हम यहां पर कार की क्षमता को तीन लाख तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। चंद्रा ने कहा कि नेक्सॉन ईवी कार में आग लगने की खबरों को हम देख रहे हैं। मुंबई में यह घटना सामने आई थी, हम इसके सभी संभावित वजहों का पता लगा रहे हैं।

ईवी के 10 मॉडल उतारेगी टाटा
वर्ल्ड ईवी डे के मौके पर टाटा मोटर्स ने आधिकारिक तौर पर यह ऐलान किया है कि वह भारत में ईवी कारों को और अधिक संख्या में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश करेगी। चंद्रा ने एक बयान जारी करके कहा कि टाटा मोटर्स इस बात को लेकर प्रतिबद्ध है कि हम भारत को दुनियाभर में ईवी का केंद्र बनाएंगे। कंपनी अलग-अलग सेगमेंट में ईवी कारों को बनाने की दिशा में काम कर रही है और आने वाले समय में 10 ईवी कारें बाजार में उतारेगी। यह इसकी कीमत और बॉडी स्टाइल पर आधारित होगा।

ईवी में मार्केट लीडर टाटा
टाटा पैसेंजर्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का लक्ष्य है कि ग्रीन ऊर्जा को आगे बढ़ाना और सरकार के विजन का साथ देना। सरकार का लक्ष्य है कि 2030 तक 30 फीसदी ईवी कारों को बाजार मे शेयर देना है। बता दें कि मौजूदा समय में टाटा मोटर्स के पास 88 फीसदी मार्केट शेयर है, देश की सड़क पर 40 हजार ईवी कारें टाटा मोटर की है। चंद्रा ने कहा कि वर्ल्ड ईवी दिवस हमारे लिए खास है, हमे गर्व है कि हम बाजार में इसका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हम बाजार में ईवी इकोसिस्टम को स्थापित कर रहे हैं, जिससे कि अधिक से अधिक लोग ईवी कारें खरीदें।












Click it and Unblock the Notifications