SBI Server Problem: ग्राहकों की UPI और इंटरनेट बैंकिंग सर्विस पर 'ग्रहण' लगा! सोशल मीडिया पर कंप्लेन की बाढ़
SBI Server Problem के कारण बैंकिंग सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार एसबीआई में ग्राहकों को यूपीआई, नेट बैंकिंग सेवाओं में परेशानी का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने कंप्लेन भी की।

SBI Server Problem: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों को इंटरनेट से मिलने वाली सेवाओं में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार सोमवार को एसबीआई की यूपीआई (यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस) और इंटरनेट बैंकिंग सर्विस सर्वर से जुड़ी परेशानी के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई। यूजर्स और नेटिजन्स ने सोशल मीडिया की मदद से आवाज उठाई और कंप्लेन दर्ज कराने की कोशिश की।
एसबीआई सर्वर डाउन होने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देश भर के ग्राहक प्रभावित हुए हैं। कई ग्राहकों ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शिकायत की कि उनके क्रेडिट कार्ड भुगतान और एसबीआई की अन्य ऑनलाइन सेवाओं में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेमेंट में देरी या भुगतान विफल रहने की शिकायतें भी सामने आईं। नेट बैंकिंग, यूपीआई, योनो ऐप समेत कई सेवाएं सुबह से ही ठप बताई जा रही हैं।
देश भर में सोमवार सुबह (3 अप्रैल, 2023) से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का सर्वर डाउन होने की खबर आ रही थी। यूजर्स ने अपनी कंप्लेन में बताया कि इंटरनेट बैंकिंग और बैंक के मोबाइल एप्लिकेशन में लॉग इन करने में समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि 30 मार्च 2023 से बैंक की इंटरनेट सेवाएं ठप हैं। ग्राहकों ने शिकायत की है एसबीआई के अधिकारियों तक पहुंचने की कोशिशें नाकाम रहीं।
इंटरनेट सेवाओं के ठप या प्रभावित होने पर नजरें रखने वाले आउटेज ट्रैकर- डाउनडिटेक्टर के अनुसार, एसबीआई सर्वर 3 अप्रैल, सुबह 9.19 बजे से डाउन थे। एसबीआई की वेबसाइट भी कल यानी 2 अप्रैल, 2023 को प्रभावित हुई थी। बैंक के सर्वर के साथ इसी तरह की आउटेज की शिकायत मिली थी।
स्टेट बैंक ने एक अप्रैल को क्या कहा?
SBI यूजर्स की शिकायतों के जवाब में, एसबीआई ने कहा कि वार्षिक बंदी से जुड़ी गतिविधियों के कारण ऑनलाइन सेवाएं बंद थीं। स्टेट बैंक ने रविवार को एक ट्वीट में आश्वस्त किया कि बैंक ग्राहकों की चिंता को समझता है। 31 मार्च को खत्म हुए फाइनांशियल ईयर पर वार्षिक क्लोजिंग गतिविधियों के बाद शाम साढ़े चार बजे से आईएनबी/योनो/योनो लाइट/योनो बिजनेस/यूपीआई की सेवाएं उपलब्ध होंगी। ग्राहक सभी सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं।
कई ग्राहकों ने एसबीआई का सर्वर डाउन होने की शिकायत की। एक ट्विटर यूजर ने वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक और एसबीआई को टैग कर कंप्लेन लिखी। ट्वीट में लिखा गया, "प्रिय @FinMinIndia @RBI, SBI के सर्वर 31 मार्च से ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। आज चौथा दिन है और साइट/ऐप्स सुबह से ही पूरी तरह डाउन हैं। क्या यह बैंक पर साइबर हमला है।"
इस यूजर ने कटाक्ष करते हुए हैशटैग अच्छे दिन #achedin का भी जिक्र किया और कहा कि इसका जवाब चाहिए, उपभोक्ता भारी नुकसान उठा रहे हैं।
एक अन्य ट्विटर यूजर ने एसबीआई सर्वर आउटेज की शिकायत करते हुए लिखा, "एसबीआई - स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सर्वर डाउन हैं।" एसबीआई सर्वर में क्या खराबी है। वेबसाइट नहीं खुल रही, योनो काम नहीं कर रहा, ऐसा क्यों हो रहा है।
एसबीआई के एक अन्य ग्राहक ने तंज भरे अंदाज में कमेंट किया और कहा, "मुझे लगता है कि @TheOfficialSBI नेट बैंकिंग, UPI और योनो सर्वर लंच ब्रेक पर हो सकते हैं।"












Click it and Unblock the Notifications